बेटे को बेचने से मिले डेढ़ लाख रुपये से खरीदी कार
नानी की शिकायत पर पुलिस कर रही मामले की जांच
कानपुर। मां एक शब्द नहीं पूरी दुनिया है। मां की गोद बच्चे के लिये सबसे सुरक्षित स्थान है। नौ माह तक अपनी कोख में रखने के बाद जन्मे बच्चे के लिये मां सब कुछ त्याग सकती है। मगर एक मां ऐसी भी है जिसने कार पाने के लिये अपने तीन माह के बच्चे को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। जब बच्चे के नाना-नानी से विरोध किया तो बच्चे के पिता और उनके दामाद ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। अपने नाती को खोने के गम में डूबे नाना- नानी ने पुलिस का जाकर मामला बताया तो उन्हंे भी विश्वास नहीं हुआ। गांव पहुंच कर पुलिस ने बच्चे के माता-पिता से पूछताछ की तो बच्चे को बेचे जाने का मामला सामने आया। पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
गुरसहायगंज निवासी एक वृद्ध दंपति पुलिस के पास पहुंचे और उन्होंने अपने बेटी-दामाद पर अपने नाती को बेचने का सनसनीखेज आरोप लगाया। वृद्ध महिला ने बताया कि कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के सतौरा गांव में रहने वाली उनकी बेटी ने तीन माह पूर्व एक बच्चे को जन्म दिया था। दो दिन पहले उन्होंने फोन कर बेटी से अपने नाती के बारे में पूछा तो उसनेे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शक होने पर वह अपने पति के साथ बेटी की ससुराल पहुंची और गांव में नाती के बारे में पूछताछ की। बेटी और दामाद ने उन्हें बताया कि उन्होंने गुरसहायगंज के एक व्यापारी को डेढ़ लाख रुपये मंे अपना बच्चा बेच दिया है। नानी का आरोप है कि उनके बेटी-दामाद ने कार खरीदने के लिये उनके नाती को बेच दिया। दस दिन पहले उन्होंने व्यापारी से मिली रकम से पुरानी कार भी खरीद ली है। जब उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो दामाद ने उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी दे डाली।
कोतवाली पहुंचे नाना-नानी ने हरीर देकर बेटी और दामाद पर नाती को बेच देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने और नाती को वापस दिलाने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दोषी पक्ष पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

