लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की मोदी सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया। मोदी कैबिनेट ने चार प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले से देश के एक करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन धारकों को लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को घोषणा की कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 1 जनवरी 2024 से सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी।
देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चूका, चुनाव की तारीखों का एलान कभी भी हो सकता है लेकिन इससे पहले मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी देते हुए मंहगाई भत्ता बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने आज 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया है जो एक जनवरी से डीए लागू होगा। विशेष बात ये है केंद्रीय कर्मियों को महंगाई भत्ता एरियर के साथ मिलेगा।
बता दें कि मोदी सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में महंगाई भत्ता बढ़ाया था। केंद्र सरकार ने तब भी 4 फीसदी मंहगाई भत्ता बढ़ाया था जिसके बाद DA बढ़कर 46 प्रतिशत हो गया था। अब बार मोदी सरकार ने एकबार फिर 4 प्रतिशत मंहगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की है, जिसके बाद केंद्रीय कर्मियों का DA बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।
चुनाव और होली से पहले महंगाई भत्ता बढ़ने से केंद्रीय कर्मियों की ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा। मंहगाई भत्ता बढ़ने से 48.67 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को इसका सीधे तौर पर फायदा मिलेगा, इसके साथ ही 67.95 लाख पेंशन होल्डर भी इससे लाभान्वित होंगे। केंद्रीय कर्मियों की ख़ुशी इसलिए भी ज़्यादा है क्योंकि सातवें वेतन आयोग की सिफारिश है अगर डीए 50 प्रतिशत हो गया है तो HRA भी बढ़ेगा। इसलिए अब केंद्र सरकार को एचआरए में भी इजाफा करना पड़ेगा। इसके तहत केंद्रीय कर्मियों को बच्चों की शिक्षा, यातायात, किराये का घर जैसे अन्य भत्ते भी मिलेंगे जिससे उनकी तनख्वाह में जबरजस्त इजाफा देखने को मिल सकता है।

