मंगलवार को 5 लोगों ने कोरोना संक्रमण से गंवाई जान
12748 हो गयी कोरोना एक्टिव केसों की संख्या
मेरठ। मेरठ जनपद में कोरोना संक्रमण के प्रसार में कमी आती दिख रही है। हालांकि अभी कमी मामूली है मगर एक बार को भयावह स्तर पर पहुंच चुकी संक्रमण दर के नीचे आने से थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। यदि लोग संयमित होकर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते रहे तो आने वाले दिनों में कोरोना संक्रमण में कमी आने की संभावना बन जायेगी।
मंगलवार को मेरठ में 6652 सेंपलों की जांच की गयी जिसमें 806 सेंपल पाॅजिटिव पाये गये। वहीं आज 5 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गयी। आज 1891 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं वर्तमान में 4940 लोग होम आईसोलेशन में हैं। मेरठ जनपद में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 12748 हो गयी है। मंगलवार को 1044 कोरोना मरीजों को स्वस्थ होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है।
भाजयुमो नेता पंकज ग्रोवर का कोरोना से निधन
मेरठ में आटोमोबाइल के पुराने व्यापारी व होटल ओलिविया के पार्टनर और भाजपा युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष पंकज ग्रोवर (40) की कोरोना संक्रमण के कारण मृत्यु हो गई। पंकज ग्रोवर का दिल्ली रोड स्थित ईरा माल के पास व बच्चा पार्क पर जनरेटर व आटोमोबाइल का पुराना काम था। कोरोना संक्रमण के बाद पंकज 26 अप्रैल से अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार दोपहर उनकी आक्सीजन का लेवल 38 रह गया और पंकज ग्रोवर ने दम तोड़ दिया।
Read Also : ऐसे लाॅकडाउन का क्या फायदा, बाजारों में जुट रही भीड़
कृषि विश्वविद्यालय 5 मई तक के लिये बंद
मेरठ जनपद में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि 15 मई तक बंद रखा जायेगा। हालांकि विश्वविद्यालय परिसर के अंदर आवश्यक सेवाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी कोविड-19 पालन करते हुए यथावत जारी रहेगी। गौरतलब है कि उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव मोनिका एस गर्ग द्वारा दिये गये निर्देश के बाद चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को 15 मई तक के लिए बंद कर दिया गया। लेकिन कृषि विश्वविद्यालय में अधिकारी और शिक्षक व कर्मचारियों के आने-जाने को लेकर कोई स्पष्ट आदेश नहीं था। मंगलवार को कुलपति डाक्टर आरके मित्तल और कुलसचिव डाक्टर बीआर सिंह ने अपर मुख्य सचिव (कृषि) से फोन पर बातचीत करने के बाद 15 मई तक कृषि विवि में आवश्यक सेवाओं को छोड़ बाकी तमाम विभाग बंद रखने का निर्णय लिया गया। आने वाली परीक्षाएं भी ऑनलाइन कराई जाएंगी। शिक्षक ऑनलाइन क्लास अपने घरों से ही लेंगे। हालांकि विवि के कार्यालय अध्यक्ष आवश्यकता पड़ने पर अपने स्टाफ को कार्यालय बुलाकर कार्य करा सकते हैं। स्वास्थ्य, डेरी, मुर्गी सेंटर, बकरी फार्म, कृषि फार्म में कटाई-बुवाई और नराई के अलावा कृषि शोध कार्य, विवि का बिजली स्टाफ, वाटर सप्लाई कर्मचारियों की ड्यूटी कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए जारी रहेगी।

