मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भीड़ में दम घुटने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और छह से अधिक घायल हो गए। हादसा बांके बिहारी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के दबाव के कारण हुआ। भीड़ के कारण ही हादसे में श्रद्धालुओं की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि जिस समय बांके बिहारी मंदिर में हादसा हुआ है उस दौरान मंदिर परिसर में आला अफसर भी उपस्थित थे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बांकेबिहारी मंदिर में रात 1ः55 बजे मंगला आरती का आयोजन किया गया था। मंगला आरती आयोजन साल में सिर्फ जन्माष्टमी के अवसर पर ही होता है। मंगला आरती के दर्शन के लिए शुक्रवार रात मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए थे। मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या क्षमता से कई गुना अधिक होने के कारण भीड़ का दबाव बढ़ता चला गया।
Read also: UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे मथुरा,ब्रज तीर्थ को दी अन्नपूर्णा भोजनालय की सौगात
इसी दौरान मंदिर के गेट नंबर एक और चार की ओर श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव बढ़ता होने से दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। जिन श्रद्धालुओं की मौत हुई उनके नाम नोएडा सेक्टर 99 निवासी महिला निर्मला देवी पत्नी देव प्रकाश और रुक्मणि बिहार कॉलोनी निवासी और मूल जबलपुर के राम प्रसाद विश्वकर्मा 65 है। मृतक श्रद्धालुओं के परिजनों ने शवों को पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। परिजन आज शनिवार सुबह शवों को लेकर अपने घर चले गए। बांके बिहारी मंदिर में जिस समय यह हादसा हुआ उस दौरान मौके पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अलावा नगर आयुक्त सहित भारी पुलिस बल मौजूद था। हादसा होते ही पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों ने बेहोश होने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर निकालना शुरू किया। इस हादसे में घायल श्रद्धालुओं को वृंदावन स्थित राम कृष्ण मिशन और ब्रज हेल्थ केयर और सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया है। बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते पहले भी हादसे होते रहे हैं। इस बार भी होली के दौरान एक महिला श्रद्धालु की मौत हुई थी। इससे पूर्व फरवरी 2022 में गाजियाबाद निवासी श्रद्धालु की मौत भीड़ के दबाव के चलते हुई थी।

