अगर इस बार आप अपने बच्चों के लिए मैक्रोनी बनाने वाली हैं तो एक बार इस विधि से बनाकर देखें। मसाला मैक्रोनी का ये तरीका बच्चों के साथ ही बड़ों को भी काफी पसंद आएगा। तो चलिए जानें मसाला मैक्रोनी बनाने का टेस्टी और आसान तरीका।

मैक्रोनी बनाने की सामग्री
- 200 ग्राम मैक्रोनी
- 50 ग्राम पनीर
- नमक स्वादानुसार
- 50 ग्राम प्याज
- 50 ग्राम शिमला मिर्च
- 50 ग्राम मक्खन
- तीन छोटे चम्मच टोमैटो सॉस
- एक छोटा चम्मच चिली सॉस
- एक चुटकी सफेद मिर्च पाउडर
- एक छोटा चम्मच अदरक, लहसुन का पेस्ट
मैक्रोनी बनाने का तरीका
–एक सॉस पैन में एक लीटर पानी को गर्म करें। उबाल आने पर मैक्रोनी को डालकर पकाएं।
–जब मैक्रोनी पककर मुलायम हो जाए तो इसे छान लें। गर्म मैक्रोनी को ज्यादा पकने से बचाने के लिए इसे एक बार ठंडे पानी से धोकर अलग रख दें।
–फिर एक कढ़ाई में मक्खन को गर्म करें और अदरक एवं लहसुन के पेस्ट को डालकर हल्की आंच पर पांच से सात मिनट फ्राई करें तथा शिमला मिर्च एवं प्याज डालें।
–उसी कढ़ाई में पाच मिनट फ्राई करने के बाद मैक्रोनी को डालें तथा टोमैटो सॉस, चिली सॉस, सफेद मिर्च पाउडर एवं नमक डालकर अच्छी प्रकार से मिला लें। अब इसे एक बाउल में डालें और ऊपर से पनीर को कद्दूकस करके ऊपर से डालें और गरमा-गरम परोसें।
आप चाहें तो इस मैक्रोनी को बच्चों के लिए स्वादिष्ट बनाने के साथ ही फायदेमंद बनाने के लिए मनचाही सब्जियां डाल सकती हैं।

