अगस्त साल का एक ऐसा महीना है जब देश के कुछ हिस्सों में बारिश होती है तो कुछ हिस्सों में मौसम काफी सुहावना होता है। अगस्त में हिल स्टेशन बादलों से ढके रहते हैं। इसलिए अगस्त का महीना यहां घूमने के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है। अगस्त के महीने में मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक हरियाली नजर आती है. कहीं नदियाँ सुंदरता बिखेरती हुई नजर आती है तो कही पक्षियों की मधुर आवाज मन को भा लेती है । इस आर्टिकल में हम आपको अगस्त में घूमने लायक कुछ खूबसूरत जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप एक बार घूमने के बाद हर बार घूमने का प्लान बना सकते हैं।
करसोग
हिमाचल प्रदेश में घूमने के लिए सबसे बेहतरीन और मनमोहक जगहें हैं। आप शिमला, मनाली, डलहौजी, धर्मशाला और मैक्लोडगंज जैसी जगहों पर तो गए ही होंगे, लेकिन अगर आप अगस्त के महीने में हिमाचल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको करसोग की खूबसूरत वादियों में पहुंचना चाहिए।
खूबसूरत पहाड़ों, खूबसूरत झरनों और घाटियों से घिरा करसोग किसी भी पर्यटक को कुछ ही मिनटों में मंत्रमुग्ध कर देगा। अगस्त के महीने में जब बारिश होती है तो इस जगह की खूबसूरती और बढ़ जाती है । करसोग के पहाड़ मानो बादलों से ढक से जाते हैं। कभी-कभी तो पर्यटको को ऐसा लगता है कि मानो वो बादलों पर चल रहे हैं।
लोनावाला
महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित लोनावला पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन जगह है। अगस्त के महीने में यहां का मौसम बहुत सुहावना होता है।लोनावना की पहाड़ियों के ऊपर से गुजरते बादल, हरी-भरी घाटियाँ बेहद खूबसूरत और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करती हैं। लोनावन की खूबसूरती में खूबसूरत दूधिया सफेद झरने भी चार चांद लगाने का काम करते हैं। आप लोनावाला में लोनावाला झील, राजमाची प्वाइंट, लोहागढ़ किला और टाइगर प्वाइंट जैसी बेहतरीन जगहों का पता लगा सकते हैं।
बिनसर
उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में स्थित मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश या रानीखेत में आप एक बार नहीं बल्कि कई बार गए होंगे, लेकिन अगर आप अगस्त में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको बिनसर पहुंचना चाहिए।
अगस्त के महीने में यहां घूमने का अलग ही मजा है। बड़े पहाड़ों, घने जंगलों और खूबसूरत झरनों के बीच स्थित बिनसर परिवार, दोस्तों और पार्टनर के साथ घूमने के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां कई जोड़े हनीमून के लिए पहुंचते हैं। यहां आप बिनसर वन्यजीव अभयारण्य, जीरो पॉइंट और जालना जैसी बेहतरीन जगहों को भी देख सकते हैं।
कोल्लम
अगर आप अगस्त महीने में दक्षिण भारत घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको इस बार कोल्लम पहुंचना चाहिए। कोल्लम केरल के अरब सागर तट पर स्थित एक बेहद खूबसूरत जगह है।
कोल्लम अपने खूबसूरत समुद्रतटों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। नीला रंग का पानी, नारियल के पेड़ और सफेद रेत इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। यहां स्थित समुद्र तट पर आप जल गतिविधियों का भी आनंद ले सकते हैं। आपको बता दें कि यह शहर बंदरगाह के लिए काफी मशहूर है। इस शहर का प्राचीन नाम क्विलोन बताया जाता है।

