अयोध्या: अयोध्या में भगवान राम के दर्शन एकबार फिर शुरू हो गए। सभी धार्मिक स्थलों में कोरोना से बचाव के नियमों के पालन के साथ ही भक्तों को दर्शन के लिए प्रवेश की अनुमति दी जा रही है मंदिर में एक साथ केवल पांच लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।
मालूम हो कि कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर रामलला का दर्शन एक मई से लाकडाउन के साथ बंद कर दिया गया था 1 जून को लॉकडाउन खुलने के साथ श्रद्धालु एक बार फिर से भगवान राम के दर्शन कर पायेंगे वहीं सुरक्षा के देखते हुए अयोध्या के संत और धर्माचार्य श्रद्धालुओं से बिना वैक्सीनेशन करवाए अयोध्या नहीं आने की अपील कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं के लिए भगवान के दर्शन के लिए समय निर्धारित किया गया है जिसके मुताबिक सुबह सात से दोपहर 11 बजे तक और दोपहर दो से शाम छह बजे तक ही मंदिर में दर्शन किए जा सकते हैं।
वही आज मंगलवार की वजह से हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन के लिए भक्त की लंबी लाइनें पहले ही दिन देखी गईं. हनुमानगढ़ी में मंदिर प्रशासन की तरफ से प्रसाद और माला न चढ़वाने का निर्णय लिया गया है, हनुमानगढ़ी में आज रात्रि तक भारी तादाद में श्रद्धालुओं के दर्शन करने की उम्मीद जताई गई है।
वहीं अयोध्या आने वाले बाहरी श्रद्धालुओं के लिए 72 घंटे पहले की कोविड नेगिटिव की रिपोर्ट लाना जरूरी है, साथ ही भक्तों को मास्क-सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए भगवान के दर्शन-पूजन करने होंगे इसे ध्यान में रखते हुए भक्त यहां पहुंच रहे हैं जिससे अयोध्या में श्रद्धालुओं की खासी चहल कदमी देखने को मिल रही है।

