बेरोजगारों पर लाठीचार्ज- विपक्ष का सरकार पर हमला तो सीएम और मंत्री युवाओं को मनाने में जुटे

उत्तराखंडबेरोजगारों पर लाठीचार्ज- विपक्ष का सरकार पर हमला तो सीएम और मंत्री...

Date:

देहरादून- राजधानी देहरादून में परीक्षा घोटाले की जांच की मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानों की तपिश देखने को मिल रही है. विपक्ष ने जहां इस लाठीचार्ज को बेरोजगारों पर अत्याचार बताते हुए सरकार पर हमला बोला तो वही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित मंत्रियों ने मोर्चा संभाला. युवाओं को उग्र ना होने और सब्र रखने की नसीहत देने के लिए मुख्यमंत्री सहित तमाम कैबिनेट मंत्रियों काम पर जुड़ गए. दरअसल गुरुवार को राजधानी देहरादून में बेरोजगार युवा बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करने लगे देखते ही देखते युवाओं की भीड़ और आक्रोश बढ़ता गया. जिस पर पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए युवाओं को काबू करने की जद्दोजहद में पुलिस ने युवाओं पर लाठीचार्ज कर दिया. युवाओं के साथ हुई इस घटना की तपिश राजनीतिक हलकों में भी देखने को मिली, विपक्ष ने सरकार को घेरने का काम किया तो उत्तराखंड की डबल इंजन की सरकार युवाओं को सब्र रखने और बहकावे में ना आने की नसीहत देती नजर आई.

सिटिंग जज से कराये जांच

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने राजधानी देहरादून में भर्ती घोटालों की जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नौजवानों पर बदसलूकी, धक्का-मुक्की एवं बल प्रयोग करने की कड़े शब्दों में निंदा की है. करन माहरा ने कहा कि राज्य में अभी तक जितनी भी भर्तियां की गई हैं उन सभी भर्तियों के घोटालों में सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता स्पष्ट रूप से देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों में हुई जांचों के खुलासों में भाजपा नेताओं का हाथ होने से स्पष्ट हो जाता है कि राज्य में भर्ती घोटाला तंत्र सरकार के संरक्षण में फल फूल रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले दिन से ही इन भर्तियों की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में करवाये जाने की मांग करती रही है परन्तु भाजपा की राज्य सरकार ने जिस प्रकार का रवैया अपनाया हुआ है उससे उसकी नीयत में खोट नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इन भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई अथवा उच्च न्यायालय के सिटिंग जज से कराये जाने से क्यों कतरा रही?

Uttarakhand News Hindi

सीएम सहित सभी मंत्री युवाओं को समझाने में जुटे

राजधानी में युवाओं पर लाठीचार्ज के बाद जैसे ही विपक्ष ने सरकार को घेरने का काम किया, तो वही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित उनके कैबिनेट मंत्री युवाओं को सब्र रखने और बहकावे में ना आने की नसीहत देते हुए नजर आए. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जारी अपने बयान में कहा कि सरकार परीक्षा के घोटाले बाजों को किसी भी हालत में माफ करने के मूड में नहीं है. उन्होंने देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाए जाने की बात भी दोहराई. इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के बयान भी जारी किए गए. जिसमें सभी ने भ्रष्टाचार को पूर्व की सरकारों की देन बताते हुए मौजूदा सरकार के नकल माफियाओं के विरुद्ध उठाए गए कड़े कदमों की बात कही साथ ही मंत्री युवाओं को सब्र रखने और बहकावे में ना आने की नसीहत देते हुए भी दिखे.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related