देहरादून। उत्तराखंड में आगामी एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू की जाएगी। इसके लिए किसानों के गांव के नजदीक खरीद सेंटर बनाए जाएंगे। गढ़वाल मंडल में मिलेट मिशन योजना के लिए गोदाम और आफिस खोला जाएगा। कुमाऊं में हल्दुचौड़ में फन वैली वॉटर पार्क बनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। उत्तराखंड सहकारी संघ की बोर्ड बैठक में कई फैसले लिए गए। चेयरमैन मातबर सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक यूसीएफ सदन में हुई। बैठक में 12 जिलों के सदस्यों और प्रबंध निदेशक भी शामिल हुए। चेयरमैन रावत ने धान खरीद के लिए एक अक्तूबर से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गढ़वाल में मिलेट मिशन योजना के तहत गोदाम और कार्यालय एक अक्तूबर तक खुल जाएगा।
इसके बाद कमाऊं में कार्यालय और गोदाम खोला जाएगा। पहाड़ के दूरदराज के किसानों से सोयाबीन,झंगोरा,मंडवा, राजमा और अन्य सभी उत्पाद खरीदने के लिए उत्तराखंड सहकारी संघ ने क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव पारित किया। उन्होंने बताया कि किसानों को गांव पर ही उपज का मूल्य दिया जाएगा। राज्य सहकारी संघ स्वयं उपज की ब्रांडिंग कर बेचने का कार्य करेगा। इसके अलावा हल्दुचौड़ स्थित खाली भूमि पर फन वैली वॉटर पार्क बनाने का प्रस्ताव पारित किया। इसके लिए पहले बोर्ड सदस्यों की टीम निजी वाटर पार्क का निरीक्षण कर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके बाद सरकार से वित्तीय सहायता के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ चेयरमैन ने निर्देश दिए कि अगले माह 30 सितंबर से पहले वार्षिक निकाय बैठक संपन्न करा ली जाए।

