पौड़ी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भीषण आग से हो रहा है भारी नुकसान
पिछले साल कुल 172 हेक्टेयर के मुकाबले 1258 हेक्टेयर क्षेत्र में लग चुकी है आग
देहरादून। उत्तराखंड के जंगलों में लगी आग बेकाबू हो चली है। पिछले एक हफ्ते में डेढ़ सौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने आग को और भड़का दिया है। भीषण आग को बुझाने के प्रयास नाकाम हो रहे हैं। पिछले साल पूरे राज्य में 172 हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगी थी। मगर इस साल जंगलों में लगी आग अब तक 1258 हेक्टेयर क्षेत्र को प्रभावित कर चुकी है। जंगलों में लगी आग से अब तक चार लोग अपनी जान गवां चुके हैं और 3 लोग गंभीर रूप से जल चुके हैं। आग पर काबू पाने के लिए उत्तराखंड सरकार तीस करोड़ रुपये जारी कर चुकी है। वहीं नए उपकरणों की खरीद के लिए एक करोड़ रुपये भी रिलीज कर दिए गए हैं।
उत्तराखंड में जंगल में लगी आग की 962 घटनाओं में 1258 हेक्टेयर क्षेत्र भीषण आग की चपेट में है। पौड़ी,अल्मोड़ा और पिथौरागढ के जंगली इलाके आग से सर्वाधिक प्रभावित हैं। अकेले पौड़ी में अभी तक 338 हेक्टेयर क्षेत्र आग की चपेट में आ चुका है। आग के तेजी से भड़कने का सबसे बड़ा कारण पिछले एक हफ्ते से राज्य में डेढ सौ किलोमीटर प्रति घंटे से चल रही हवाएं हैं जो आग की भीषणता को तेजी से बढ़ा रही हैं। जंगलों में लगी आग से सीएम तीरथ सिंह रावत भी बेहद चिंतित हैं और हालात पर निगाह बनाये हुए हैं। वहीं वन मंत्री हरक सिंह रावत जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिये आम लोगों से आगे आने की अपील कर रहे हैं।

