रूडकी। उत्तराखंड में नशे और नकली दवाइयों का कारोबार अब पूरी तरह से अपनी जड़े जमा चुका है। एसटीएफ और ड्रग्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई में छह गोदामों में छापामारकर भारी मात्रा में नकली खुली दवाइयां, एक्सपायरी डेट दवाएं और दवा बनाने का कच्चा माल बरामद हुआ है। इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार छापेमारी में पांच लाख से अधिक गोलियां मिलीं हैं।
Read also: Smuggling of Illicit Liquor: दवाइयों के नाम पर बंद ट्रक में भरकर जा रही 40 लाख की अवैध शराब बरामद
वहीं, उधमसिंह नगर ज़िले में ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्ज़े से छह दर्जन से अधिक नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। रुड़की में गंगनहर कोतवाली के सलेमपुर में दवाइयों का ज़खीरा पुलिस के हाथ लगा। उसके सैम्पल जांच के लिए भेजे गए हैं। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। एसटीएफ देहरादून ने अवैध रूप से रखी इन दवाइयों की सूचना मिलने पर कार्रवाई की। ड्रग्स इंस्पेक्टर मानवेंद्र ने बताया कि जांच के साथ गोदामों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने पांच लाख से ज़्यादा टैबलेट बरामद करने की बात कही है। बता दें कि जून के पहले हफ्ते में रुड़की के पास भगवानपुर, लक्सर और सहारनपुर में नकली दवाओं के सौदागरों के गोदाम पर छापा मारा था। जिसमें पांच शातिरों को दबोचा था। नकली दवाओं के पूरे नेटवर्क के खुलासे के साथ ही लाखों का नकली व अपमिश्रित दवाओं व कच्चा माल ज़ब्त किया गया था। एक महीने से कम समय में इस तरह की छापेमारी बड़ी कार्रवाई की गई है। उधमसिंह नगर में नशे का कारोबार काफी दिन से फल फूल रहा है।
किच्छा पुलिस ने 78 नशीले इंजेक्शनों के साथ बाइक सवार ड्रग्स तस्कर को पकड़ा है। जबकि दो अन्य भाग निकले। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर ने बरेली एक मेडिकल स्टोर से नशीले इंजेक्शन लिए थे और वह इनको किच्छा और रुद्रपुर में लाकर बेचता था।

