देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की आमद के बाद से गुरुवार से भीषण बारिश हो रही है। वहीं अब बारिश के चलते रेड अलर्ट के बाद अब आने वाले पांच दिन तक राज्य के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कुमाऊं में भारी बारिश की आशंका जताई है। इस सप्ताह हो रही ज़ोरदार बारिश से कई इलाकों में भारी समस्याएं खड़ी हो गई हैं। बद्रीनाथ हाईवे सहित दर्जनों रास्ते इस समय बंद हो चुके हैं। बागेश्वर के कई गांव में तो दो दिन से बिजली ही नहीं है। जिसके चलते गांव अंधेरे में डूबे हैं और अभी दो दिन तक ऐसे ही हालात रहने वाले हैं।
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 265.8 मिलीमीटर बारिश नैनीताल में हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पिथौरागढ़ में 248.9 मिली, रुद्रप्रयाग में 220 मिमी, चंपावत में 211.9 मिमी बारिश हुई है। इनके साथ ही बागेश्वर,पौड़ी,उधमसिंह नगर के अलावा अल्मोड़ा में भी जमकर बारिश हो रही है। इन आंकड़ों के अनुसार चमोली में सबसे कम 104.7 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। इसी के साथ अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे जा चुका है। इन जिलों में आज से 5 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। इसी के साथ यह हिदायत दी गई है कि चार धाम और पहाड़ों की तरफ यात्रा करने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें। यहां भूस्खलन और भूधंसाव जैसी स्थितियां कभी भी बन सकती हैं। बद्रीनाथ धाम नेशनल हाईवे रात से बंद कर दिया गया है। इससे कई यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं। बीआरओ मार्ग खुलवाने की कोशिश कर रहा है। उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे को खोलने में भी बीआरओ जुटा है।
Read also: Uttarakhand News: विशु मेले पहुँचे सीएम धामी ने उत्तरकाशी को दी कई बड़ी सौगात

