गैरसैण- डिजिटल इंडिया के परिकल्पना को साकार करने की पहल उत्तराखंड से होती नजर आ रही है. शायद यही वजह है कि उत्तराखंड सरकार ने सड़कों के गड्ढों से निजात दिलाने के लिए ‘ऐप’ की मदद लेने जा रही है. इस ‘ऐप’ पर आप उत्तराखंड की सड़कों के गड्ढों की फोटो डाल कर गड्ढों से निजात पा सकते हैं. दरअसल ‘ऐप’ के माध्यम से विभाग और जनता के बीच एक ब्रिज का काम करना चाहती है. लेकिन शायद सरकार यह भूल गई की जमीन पर काम करने के लिए विभाग के कर्मचारियों को ही मशक्कत करनी होगी, ऐसे में गड्ढा मुक्त करने वाले ‘ऐप’ का लाभ कितना उत्तराखंड को मिल पाएगा यह कहना अभी जल्दबाजी ही होगी.
‘ऐप’ से गड्ढा मुक्त होंगे सड़कें
उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए एक ऐप की घोषणा की गई है. यह ऐप अब उत्तराखंड की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में मदद करेगा. हालांकि अभी इस एप्लीकेशन को कब लॉन्च किया जाएगा और इस पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी यह साफ नहीं है. लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज ने इस एप्लीकेशन की घोषणा की.
कुछ इस तरह से काम करेगा मोबाइल ऐप
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री महाराज ने प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में सहयोग करने वाले ऐप की घोषणा करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सुगम सुरक्षित यात्रा हेतु मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाए जाने और आमजन से परस्पर संवाद बनाये रखने हेतु एक मोबाइल “ऐप” विकसित किया जा रहा है. ऐप के माध्यम से आम जनता मार्गो में गड्ढों की सूचना चित्र सहित विभाग को भेज सकती है. उन्होंने बताया कि गड्ढे वाले स्थान की लोकेशन की सूचना अक्षांश, देशांतर भी ऐप द्वारा स्वतः ही प्रदर्शित होगा. महाराज ने कहा कि इस “ऐप” से प्राप्त सूचना के आधार पर लोक निर्माण विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए किए गए कार्य का विवरण चित्र सहित संबंधित शिकायतकर्ता एवं उच्च अधिकारी को प्राप्त होगा.

