हार से शुरू हुआ पिछले चैम्पियन का सफर, NZ ने 89 रनों से रौंदा

टी20 वर्ल्ड कपहार से शुरू हुआ पिछले चैम्पियन का सफर, NZ ने 89 रनों...

Date:

पिछले चैम्पियन और मेज़बान ऑस्ट्रेलिया की टी-20 विश्व कप की बेहद निराशाजनक शुरुआत हुई है, न्यूज़ीलैण्ड के हाथों उसे 89 रनों से शर्मनाक शिकस्त का सामना करना पड़ा. इसी के साथ ही कीवी टीम ने कंगारुओं से पिछले टी 20 विश्व कप के फाइनल में अपनी हार का बदला भी चूका दिया। न्यूज़ीलैण्ड के 200 रनों के विशाल स्कोर के सामने ऑस्ट्रेलिया पूरी तरह से घुटने टेकते हुए नज़र आयी और सिर्फ 111 रन ही बना सकी. ऑस्ट्रेलिया की पहले मैच में इतनी बड़ी हार ने उस धारणा को भी मज़बूत किया कि टी 20 विश्व कप में मेज़बान टीम खिताब नहीं जीत पाती। अभी तो पूरा टूर्नामेंट पड़ा है लेकिन मेज़बान देश की शुरुआत ने कुछ ऐसा ही संकेत दिया है.

कीवी टीम की शुरुआत बड़े धमाकेदार अंदाज़ में हुई, फ़िन ऐलेन ने पावर प्ले में जो धमाकेदार बल्लेबाज़ी की वो काफी दिनों तक याद रखी जाएगी। फ़िन ऐलेन ने मात्र 16 गेंदों में 42 रनों की पारी खेलकर टीम को जो शुरुआत दिलाई उसे टीम के आगे आने वाले बल्लेबाज़ों ने बखूबी आगे बढ़ाया। डेवन कॉन्वे थोड़ा अभाग्यशाली रहे जो विश्व कप में शतक बनाने से चूक गए. डेवन कॉन्वे ने 58 गेंदों पर 92 रनों की नाबाद पारी खेली जिमें सात चौके और एक छक्का शामिल था. हालाँकि कप्तान विलियम्स थोड़े धीमे रहे और 23 गेंदों पर 23 हो रन बना पाए, अंत में जिमी नीशाम ने 13 गेंदों पर 26 रनो की तेज़ पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के सभी गेंदबाज़ों ने प्रति ओवर 9 रन से ज़्यादा दिए, जोश हेज़लवुड ने दो विकेट चटकाए। 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में कीवी टीम ने सिर्फ तीन विकेट ही खोये।

201 रनों के जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरे डिफेंडिंग चैम्पियन पारी के दौरान कभी ऐसे नहीं लगे कि यह पिछले विश्व कप विजेता हैं. पूरी टीम 17.1 ओवरों में मात्र 111 रनों पर सिमट गयी. अनुभवी टीम साउथी की गेंदों का किसी भी ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज़ के पास कोई जवाब नहीं था. साउथी की गेंदबाज़ी का विश्लेषण इस बात की पुष्टि करता है. साउथी ने 2.1 ओवर में मात्र 6 रन देकर तीन विकेट हासिल किये, वहीँ मिचेल सेंटनेर ने उनका बखूबी साथ दिया और 31 रन देकर तीन विकेट हासिल किये। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सिर्फ ग्लेन मैक्सवेल ही विकेट पर कुछ टिक सके और सबसे ज़्यादा 28 रनों की पारी खेली. उनके अलावा पैट कमिंस ने 21 और मिचेल मार्श ने 16 रनों की पारी खेली। न्यूज़ीलैण्ड की ऑस्ट्रेलिया पर जीत भले ही अपसेट न हो लेकिन मेज़बान देश की इतनी बड़ी हार ज़रूर अपसेट कही जाएगी।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related