नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच वेस्टइंडीज की टीम इस समय दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिये बांग्लादेश के दौरे पर है, जहां पर चटगांव में खेले गये पहले मैच में कैरिबियाई टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की है। बांग्लादेश की टीम ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 430 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसका पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 259 रनों पर ऑल आउट हो गई। वहीं बांग्लादेश की टीम ने दूसरी पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 223 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और वेस्टइंडीज के सामने 395 रनों का लक्ष्य रखा।
वेस्टइंडीज की टीम ने इस लक्ष्य को डेब्यू कर रहे काइल मायर्स के नाबाद 210 रनों की पारी के दम पर 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया क्रिकेट इतिहास में चौथी पारी में सबसे सफल चेज करने वाली 5वीं टीम बन गई। जहां वेस्टइंडीज की टीम ने इस ऐतिहासिक जीत के साथ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया तो वहीं पर अपना पहला मैच खेल रहे काइल मेयर्स ने दोहरा शतक लगाकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिखवा दिया और साथ ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये।
काइल मेयर्स ने अपनी पारी के दौरान 310 गेंदों का सामना किया और 20 चौके, 7 छक्के की मदद से नाबाद 210 रनों की पारी खेली और कैरिबियाई टीम को जीत दिलाने का काम किया। इसके साथ ही डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों कि लिस्ट में काइल मेयर्स ने अपना नाम शुमार कर लिया और इस लिस्ट में 5वें नंबर पर काबिज हो गये।
इस लिस्ट में इंग्लैंड के टिप फोस्टर 287 रनों के साथ पहले नंबर पर हैं जिन्होंने 1903-04 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू करते हुए यह पारी खेली थी, वहीं साउथ अफ्रीका के जैक्स रुडोल्फ नाबाद 222 रनों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ ही 2003 में यह पारी खेली थी। वेस्टइंडीज के लॉरेंस रॉ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर काबिज हैं जिन्होंने 1971-72 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 214 रनों की पारी खेली थी, वहीं न्यूजीलैंड के मैथ्यू सिंक्लेर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1990-91 में 214 रनों की पारी खेली थी।

