व्यक्तिगत कारणों से टीम से बाहर रह रहे विराट कोहली को लेकर जो खबर मीडिया में गश्त कर रही है उसपर यकीन करना थोड़ा मुश्किल है। खबर है कि टी 20 विश्व कप टीम से विराट कोहली को बाहर किया जा सकता है, यानि कि वर्ल्ड स्क्वाड में उनका चयन नहीं होगा। विराट के बाहर होने का जो कारण दावा करने वाले ने बताया है वो ये है कि वेस्टइंडीज की धीमी पिचें विराट को रास नहीं आएँगी। ये दावा एक स्पोर्ट्स वेबसाइट में छपी रिपोर्ट में किया गया है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक चयन समिति को लगता है कि कैरेबियन की धीमी पिच पर विराट की बल्लेबाजी अनुकूल नहीं होगी। हालाँकि इस रिपोर्ट को जिसने भी पढ़ा उसने मज़ाक ही उड़ाया है. कोई भी इस बात पर यकीन नहीं कर रहा है कि टी 20 प्रारूप से विराट को बाहर करने का फैसला चयनकर्ता ले सकते हैं, वो भी विश्व कप के लिए. विराट का टी 20 में औसत जहाँ 50 से ऊपर है वहीं स्ट्राइक रेट 140 का है. उनके बैग में 4037 टी 20 रन्स, एक शतक और 37 अर्धशतक जमा हैं जो 117 मैचों में आये हैं.
दरअसल इस तरह की बाते इसलिए उठ रही है क्योंकि चयनकर्ताओं ने पिछले दिनों बहुत से नए टैलेंट को टीम में मौका दिया और उनमें से अधिकांश ने अच्छा प्रदर्शन कर अपने को सही साबित कर दिखाया। यशस्वी जायसवाल का नाम सबसे प्रमुख है जिनमें संयम भी है और आक्रमकता भी है, जो छक्के लगाने में माहिर हैं. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में वो सबसे कामयाब बल्लेबाज़ साबित हुए. जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी दो घरेलू टी20 मैच खेलने के बाद से कोहली पारिवारिक कारणों से टीम के साथ नहीं हैं. कोहली अब 17 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल से एकबार फिर एक्शन में नज़र आएंगे।

