दुबई।टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और सीमित ओवरों की टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा ने आईसीसी की वनडे रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष दो स्थानों पर कब्जा बरकरार रखा है. आईसीसी की ओर से बुधवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में विराट और रोहित क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर बरकरार हैं. टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ शीर्ष पर चल रहे हैं. उनके बाद कोहली और स्मिथ के हमवतन मार्नस लाबुशाने का नंबर है.
राहुल टी-20 में नंबर 2
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल बल्लेबाजों की टी-20 रैंकिंग में पाकिस्तान के बाबर आजम के बाद दूसरे स्थान पर हैं. ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के कप्तान आरोन फिंच तीसरे स्थान पर हैं. वनडे गेंदबाजों की सूची में भारत के जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर हैं, जबकि टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस पहले स्थान पर हैं. अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान टी-20 गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं.
एंडरसन की लंबी छलांग
टीम रैंकिंग में भारत वनडे प्रारूप में दूसरे, जबकि टेस्ट और टी-20 दोनों में तीसरे स्थान पर हैं. पाक के खिलाफ साउथैंप्टन में ड्रॉ हुए तीसरे और अंतिम टेस्ट में 267 रन की पारी खेलने वाले इंग्लैंड के जैक क्रॉले और मैच में सात विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने टेस्ट रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है. टेस्ट रैंकिंग में क्रॉले 53 स्थान की छलांग के साथ करियर के सर्वश्रेष्ठ 28वें पायदान पर पहुंच गए हैं. क्रॉले ने सीरीज की शुरुआत 95वें स्थान से की थी, लेकिन सीरीज में 320 रन की बदौलत वह सिर्फ आठ टेस्ट के बाद बेन स्टोक्स, जो रूट और जोस बटलर के बाद इंग्लैंड के चौथे शीर्ष बल्लेबाज बन गए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के बाद शीर्ष-10 से बाहर होने के बाद एंडरसन एक बार फिर छह स्थान के फायदे से आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं.
होल्डर टॉप पर
पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट नहीं खेलने वाले बेन स्टोक्स ऑलराउंडरों की सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर शीर्ष पर हैं. पाकिस्तान के कप्तान अजहर अली पहली पारी में 141 रन बनाकर 11 स्थान के फायदे से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज मुहम्मद रिजवान अर्धशतक की बदौलत तीन स्थान के फायदे से 72वें स्थान पर हैं. पाकिस्तान के कामचलाऊ स्पिनर फवाद आलम और असद शाफिक गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 100 में शामिल हो गए हैं. ये दोनों क्रमश: 94वें और 100वें स्थान पर हैं.

