झांसी । जिले के मोंठ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस वाहन अचानक पलट जाने से हादसे में एक दरोगा की मौत हो गई और आधा दर्जन पुलिसवाले घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मृतक दरोगा कानपुर के चकेरी में तैनात थे।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को एक्सीडेंट की सूचना मिली,जिसके बाद मौके पर थाना पुलिस पहुंची तो देखा कि जिस गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है, उसमें सभी पुलिसकर्मी सवार हैं।पूछताछ में पता चला कि चकेरी की शिवगोदावरी चौकी प्रभारी मनोज पाटिल देर रात हत्या के मामले में वांछित चल रहे अपराधी को पकड़ने झांसी आ रहे थे और उनके साथ गाड़ी में 8 पुलिसवाले सवार थे,इनमें से 7 पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं हैं। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान दरोगा मनोज पाटिल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मनोज पाटिल 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर थे।

