टॉप सीड जैनिक सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 7-6(4), 6-3 से हराकर सीधे सेटों में ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 का खिताब जीता। वर्ल्ड नंबर 1 ने जोरदार अंदाज में वर्ल्ड नंबर 2 को पछाड़ दिया और मैच के दौरान एक भी ब्रेक प्वाइंट का मौका नहीं दिया। सिनर ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में लगातार दूसरा खिताब और करियर का तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब भी जीता। वह 21वीं सदी में लगातार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की विशिष्ट सूची में आंद्रे अगासी, रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच के साथ शामिल हो गए हैं। वहीँ ज्वेरेव के लिए यह तीसरी ग्रैंड स्लैम फाइनल हार है।
दोनों खिलाड़ियों के बीच फाइनल मुकाबला 2 घंटे 42 मिनट तक चला। बता दें, पिछले 13 महीनों में यानिक सिनर का यह तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने यूएस ओपन 2024 और आखिरी ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 भी जीता था। वहीं, वर्ल्ड नंबर-2 एलेक्जेंडर ज्वेरेव एक बार फिर ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने से चूक गए। बता दें, एलेक्जेंडर ज्वेरेव 2015 से ग्रैंड स्लैम खेल रहे हैं, इस दौरान वह अब तक 3 बार फाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
इस बार ज्वेरेव को फाइनल में पहुंचने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। सेमीफाइनल में उनका सामना नोवाक जोकोविच से हुआ लेकिन 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने पैर में चोट के कारण एक सेट के बाद मैच से हटने का फैसला किया। इस तरह उन्हें फाइनल में प्रवेश मिल गया। वहीं सिनर अब तक 3 बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं और तीनों बार खिताब जीतने में सफल रहे हैं। बता दें, यानिक सिनर ऑस्ट्रेलियन ओपन के इतिहास में अपने खिताब का बचाव करने वाले सिर्फ 11वें खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं जिम कूरियर (1992 और 1993) के बाद वह लगातार दो बार यह खिताब जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं।

