निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के पूरे कार्यक्रम की घोषणा की। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि जम्मू कश्मीर में चुनाव तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होंगे। जम्मू-कश्मीर के लिए मतों की गिनती 4 अक्टूबर को घोषित की जाएगी। वहीँ हरियाणा विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 1 अक्टूबर को होंगे और मतगणना 4 अक्टूबर को ही होगी।
जम्मू-कश्मीर में 90 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 74 विधानसभा क्षेत्र सामान्य श्रेणी के हैं, सात अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए और नौ अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए हैं। जम्मू-कश्मीर में मतदाताओं के संदर्भ में, चुनाव आयोग ने कहा कि 87.09 लाख मतदाता होंगे। इनमें से 42.62 लाख महिलाएं और 44.46 लाख पुरुष हैं। जम्मू-कश्मीर में इन चुनावों में 3.71 लाख पहली बार मतदाता होंगे। चुनाव आयोग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 20.7 लाख युवा मतदाता होंगे।
अंतिम मतदाता सूची 19 अगस्त को अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के एक दिन बाद 20 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले, चुनाव आयोग के एक प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए 8 अगस्त से 10 अगस्त के बीच श्रीनगर का दौरा किया था। चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तरी कश्मीर में चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कई जिलों को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें अनंतनाग, बडगाम, शोपियां, पुलवामा बारामुल्ला, बांदीपुर, कुपवाड़ा, गंदेरबल, कुलगाम के साथ-साथ श्रीनगर को उत्तरी कश्मीर में संवेदनशील क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है।
इसी तरह, दक्षिण कश्मीर में, सांबा, जम्मू, कठुआ, उधमपुर और रियासी को संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनावों में, जम्मू और कश्मीर में 58.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। यह लगभग चार दशकों में जम्मू और कश्मीर में सबसे अधिक था। जम्मू और कश्मीर में पिछला विधानसभा चुनाव 2014 में हुआ था। तब, मतदान पांच चरणों में हुआ था।
जम्मू कश्मीर की तरह हरियाणा में भी 90 सीटों के लिए चुनाव होना है. इनमें से 73 सीटें सामान्य और 17 सीटें एससी (अनुसूचित जाति) के लिए हैं। इस चुनाव में वोट देने के पात्र लोगों की संख्या 2.01 करोड़ होगी। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1.06 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 95 लाख होगी। 4.25 लाख लोग पहली बार वोट देंगे और 40.95 लाख युवा मतदाता होंगे। हरियाणा की मतदाता सूची 27 अगस्त को प्रकाशित होगी।

