नई दिल्ली। नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने जीत की पटरी पर लौटते हुए रविवार को यहां वॉस्को के तिलक मैदान पर खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग के सातवें सीजन में जमशेदपुर एफसी (Jamshedpur FC) को 2-1 से हरा दिया। हाइलैंडर्स के नाम से मशहूर नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी युनाइटेड की इस जीत में आशुतोष मेहता ने 36वें और देशोर्न ब्राउन सीनियर ने 61वें मिनट में गोल किए। फेडरिको गालेगो का इन दोनों गोलों में असिस्ट रहा। जमशेदपुर एफसी के लिए एकमात्र गोल पीटर हार्टले ने 89वें मिनट में किया।
नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी की पिछले सात मैचों के बाद यह पहली और सीजन की तीसरी जीत है। नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी के अब 12 मैचों से 15 अंक हो गए हैं और वह तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, जमशेदपुर एफसी को लगातार तीसरी और इस सीजन में 12 मैचों में पांचवीं हार झेलनी पड़ी हैं। टीम अब 13 अंकों के साथ आठवें नंबर पर खिसक गई है।
जमशेदपुर एफसी ने मुकाबले में आक्रामक शुरुआत की और आठवें मिनट में नरिजुस व्लास्किस ने अनिकेत जाधव के असिस्ट पर एक शानदार शॉट लगाया, जिसे सुभाषीश राय ने सेव कर लिया। 19वें मिनट में जमशेदपुर एफसी के अमरजीत सिंह को मैच का पहला येलो कार्ड दिखाया गया। उधर नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने भी अपना आक्रमण जारी रखा और टीम ने 36वें मिनट में जाकर अपना खाता खोल लिया। नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी के लिए यह गोल 28 वर्षीय डिफेंडर आशुतोष मेहता ने फेडरिको गालेगो के असिस्ट पर किया।
नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी को एक कॉर्नर मिला, जिसे गालेगो ने क्रॉस के सहारे गोल पोस्ट की ओर भेजा और वहां मौजूद आशुतोष ने हेडर के जरिए आईएसएल में अपना पहला गोल दाग दिया। इस गोल के बाद नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 40 और 43वें मिनट में भी कॉनर्र मिला, लेकिन इस बार आशुतोष अपने पिछले प्रदर्शन को नहीं दोहरा पाए और नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने 1-0 की बढ़त रखते हुए पहले हाफ की समाप्ति की।

