Metro Wholesale में मिले पाॅजिटिवों ने खोली कोरोना से सुरक्षा की पोल
पहली बार एक साथ 16 संक्रमित मिलने से Metro Wholesale बंद
मेरठ। कोरोना संक्रमण के दौर में भले ही व्यवसायिक गतिविधियों का संचालन करने की अनुमति दे दी गयी हो लेकिन इसके लिये कुछ आवश्यक नियम भी लागू किये गये हैं। जिनके अंतर्गत संस्थान में प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग, सेनेटाइजेशन और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की निगरानी और संदेह होने पर प्रशासन को सूचना देना आवश्यक है। मगर उत्तर प्रदेश के महानगर मेरठ में बागपत रोड स्थित Metro Wholesale में 16 कर्मचारियों को कोरोना पाॅजिटिव पाये जाने ने कोराना संक्रमण से सुरक्षा करने के दावों की पोल खोल दी है। क्योंकि इतनी संख्या में कर्मचारियों का कोरोना पाॅजिटिव होने के बावजूद Metro Wholesale प्रबंधन को इसकी जानकारी न होना संभव नहीं दिखता।
शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से व्यवसायिक संस्थानों में जाकर कोरोना जांच कर रही हैं। इसी क्रम में बागपत रोड स्थित Metro Wholesale मेें काम करने वाले 135 कर्मियों की जांच की गयी। जांच में 16 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाये जाने से मेट्रो माॅल को 48 घंटे के लिये बंद करा दिया गया है।

चिकित्सा अधिकारी डा.मेघना श्रीवास्तव ने माॅल में कार्य करने वाले सभी कर्मियों को कोरोना जांच कराने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच और कोरोना संक्रमित मिलने की खबर के बीच एक बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि अनलाॅक में व्यवसायिक गतिविधियों को संचालित करने के कोविड-19 नियमों का क्या व्यवसायिक संस्थान नियमानुसार पालन कर रहे हैं। Metro Wholesale में मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए ऐसा नहीं लग रहा है। क्योंकि कोविड-19 के नियमों के अनुसार किसी भी व्यवसायिक संस्थान में प्रवेश करने से पहले प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग किये जाना आवश्यक है।
अब सभी 16 कोरोना संक्रमितों का तापमान थर्मल स्क्रीनिंग में बिल्कुल सही आया हो, ऐसा संभव नहीं दिखता। वहीं सेनेटाइजेशन आदि के साथ सभी कर्मियों के स्वास्थ्य पर निगाह रखना और कोविड-19 का कोई भी लक्षण दिखते ही स्वास्थ्य विभाग/प्रशासन को सूचित करने के स्पष्ट आदेश हैं। ऐसे में क्या यह संभव है कि सभी 16 कर्मियों के शरीर का तापमान भी सही हो और उन सभी में कोरोना का कोई भी लक्षण नहीं दिखाई दिया हो। शायह ही कोई ऐसा हो जिसे इस बात पर यकीन हो।
दरअसल त्योहारों के सीजन में कोई भी व्यवसायिक संस्थान अपने कार्यालय को बंद करवाने का खतरा मोल नहीं लेना चाहता। ऐसे में कर्मियों में कोरोना के लक्षण दिखाई देने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया जाता है। Metro Wholesale प्रबंधन चाहता है कि वह अधिक से अधिक बिक्री कर मुनाफा कमाए।
लेकिन मुनाफे का यह लालच Metro Wholesale कर्मचारियों सहित ग्राहकों को भी कोरोना संक्रमण का शिकार बना सकता है। मगर कमाई के लोभ में आंखों पर पट्टी बांध लेने वाले प्रबंधन को लोगो की जान की भला क्या परवाह।

