नई दिल्लीः इन दिनों भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड में टी-20 सीरीज खेल रही है। भारतीय टीम पहला टी-20 मैच भले ही हार गई भारतीय खिलाड़ी हरलीन देओल ने ऐसा कैच लपक लिया जिसे सिर्फ अद्भुत है कहा जा सकता है.
हरलीन के इस बेहतरीन कैच ने विपक्षी बल्लेबाज एमी एलन जोंस को अर्धशतक भी नहीं होने दिया और उन्हें पवेलियन जाना पड़ा। नॉर्थम्प्टन में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 4 विकेट पर 166 रन बना लिए थे। उस समय एमी जोंस 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही थीं। जोंस ने शिखा पांडे की गेंद को लॉन्ग ऑफ की ओर खेला।
इसके बाद हरलीन ने कैच पकड़ने के लिए अपनी एथलेटिक्स स्किल का परिचय देते हुए हवा में छलांग लगा दी। उन्होंने गेंद को लपका और देखा कि उनका संतुलन बिगड़ रहा है तो उन्होंने गेंद को बाउंड्री के अंदर उछाल दी और खुद बाउंड्री के बाहर चली गईं। लेकिन फिर हरलीन ने बाउंड्री के अंदर डाइव लगाकर गेंद को कैच कर लिया।
हरलीन के इस शानदार कैच का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। महिला क्रिकेट में ये अब तक सबसे बेस्ट कैच माना जा रहा है।
इस तरह के कैच पुरुषों की क्रिकेट में तो अक्सर देखने को मिलते हैं लेकिन महिलाओं की क्रिकेट में इस तरह कैच बिरले ही पकडे जाते हैं। शायद इसलिए लोग हरलीन को सुपर वीमेन के नाम से पुकार रहे हैं. कांग्रेस नेता प्रियंका गाँधी ने भी हरलीन को इस शानदार कैच की मुबारकबाद दी है.

