सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच 7 अक्टूबर को भारतीय सूचकांकों में तेजी देखी गई और निफ्टी 25,100 से ऊपर पहुंच गया। सेंसेक्स 409.14 अंक बढ़कर 82,097.59 पर और निफ्टी 110.90 अंक बढ़कर 25,125.50 पर खुला। शेयर बाजार की इस तेज़ ओपनिंग ने पांच सत्रों से चली आ रही गिरावट को रोक दिया जिससे व्यापक स्तर पर बिकवाली पर विराम लगा। भारतीय शेयर में ये तेज़ी अमेरिका में उम्मीद से अधिक बेहतर रोजगार रिपोर्ट के बाद की वजह से दिखाई दे रही जिसने निवेशकों को मंदी या कमजोर होती अमेरिकी अर्थव्यवस्था के बारे में आश्वस्त किया है।
निफ्टी पर आईटीसी, विप्रो, एचसीएल टेक, हीरो मोटोकॉर्प, अपोलो हॉस्पिटल्स प्रमुख लाभ में रहे, जबकि सिप्ला, पावर ग्रिड कॉर्प, एचयूएल, एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो में गिरावट दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में अमेरिका में रोजगार में छह महीने में सबसे अधिक वृद्धि हुई और बेरोजगारी दर गिरकर 4.1 प्रतिशत पर आ गई। 4 अक्टूबर को रोजगार रिपोर्ट के बाद मजबूत श्रम बाजार के नए संकेतों के कारण अमेरिकी शेयरों में तेजी आई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में रिटेल रिसर्च के प्रमुख दीपक जसानी ने कहा कि रिपोर्ट में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की सेहत को रेखांकित करने और नरम लैंडिंग को लेकर आशावाद को बढ़ावा देने के कारण एशियाई शेयरों में भी तेजी आई।
भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक आज से शुरू होगी, जो 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक चलेगी। बाजार प्रतिभागी केंद्रीय बैंक से मिलने वाले संकेतों पर बारीकी से नजर रखेंगे, ताकि यह देखा जा सके कि आरबीआई संभावित ब्याज दर कटौती के मामले में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के साथ तालमेल बिठाता है या नहीं।

