- भाजपा सांसद वरुण गांधी ने योगी सरकार पर खड़े किये सवाल
पीलीभीत। पिछले कुछ समय से अपने बयानों से भारतीय जनता पार्टी को परेशानी में डालने वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अब प्रदेश की योगी सरकार पर सवाल उठाया है। पीलीभीत में आ रही जबरदस्त बाढ़ में बदहाली का शिकार हो रहे लोगों की पीड़ा बताते हुए वरुण गांधी ने कहा, ‘अगर प्रदेश में आम आदमी को उसके हाल पर छोड़ दिया जायेगा तो फिर सरकार का क्या मतलब है?
Read also: लखीमपुर हिंसा को हिंदू बनाम सिख बनाने की हो रही कोशिशः वरुण गांधी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के आलोचक के रूप में सामने आ रहे भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र पीलीभीत में भारी बारिश के कारण आई जबरदस्त बाढ़ से निपटने के लिये उचित प्रयास न किये जाने पर नाराजगी जाहिर की है। पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने इस संबंध में किये ट्वीट में लिखा है कि बारिश के बाद बाढ़ से तराई का इलाका बेहद प्रभावित है। उन्होंने योगी सरकार के प्रशासनिक तंत्र पर तंज कसते हुए लिखा है कि ‘यह देखना बेहद दुःखद है कि जब आम आदमी को प्रशासनिक तंत्र से मदद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है तभी आम आदमी को उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है। वरुण गांधी ने कहा, यदि सब कुछ अपने आप ही करना है तो फिर सरकार को मतलब क्या है? वरुण गांधी यूपी के सीएम योगी को पत्र लिखकर बाढ़ के कारण नष्ट हुई फसलों का मुआवजा दिये जाने की मांग भी कर चुके हैं।
Read also: लखीमपुर खीरी हिंसा वीडियो: वरुण गांधी ने उत्तर प्रदेश डीजीपी से की दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग
भाजपा की नीतियों को लेकर मुखर रहने वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी को हाल ही में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया था। वहीं उनकी मां मेनका गांधी को भी इस बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया। माना जा रहा है कि अपनी ही पार्टी की नीतियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने वाले वरुण गांधी से पार्टी नेतृत्व नाराज चल रहा है। मगर यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा नेतृत्व कोई कड़ा कदम उठाने से परहेज कर रहा है।

