- खुली बहस में नहीं पहुंचे उत्तराखंड के मंत्री मदन कौशिक
- 40 मिनट तक दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किया इंतजार
देहरादून। केजरीवाल बनाम उत्तराखंड सरकार माॅडल पर खुली बहस करने के लिये दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया देहरादून स्थित ऑडिटोरियम में उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक का इंतजार करते रह गये। 40 मिनट तक कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के न आनेे के बाद सिसोदिया ने त्रिवेंद सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड में कुछ काम हुआ होता तो सामने आकर वह बताते।
गौरतलब है कि 2022 के चुनाव में उत्तराखंड की रणभूमि में उतरने का ऐलान कर चुकी आम आदमी पार्टी लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साध रही है। इसी को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच दोनों राज्यों के विकास माॅडल को लेकर बयानबाजी की जा रही है। पिछले महीने देहरादून के दौरे पर आये आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उत्तराखंड और दिल्ली के माॅडल पर चार जनवरी को खुली बहस करने की चुनौती दी थी। जिसके जवाब में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने चुनौती स्वीकार करते हुए दिल्ली में खुली बहस करने की बात कही। मंत्री कौशिक ने कहा था कि उत्तराखंड बनाम दिल्ली माॅडल पर चर्चा के लिए वह खुद दिल्ली जाएंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री सिसोदिया के चार जनवरी को देहरादून में बहस के लिए तारीख तय करने से कुछ नहीं होता।
अपने ऐलान के अन्र्तगत डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया दोनों राज्यों के विकास माॅडल को लेकर खुली बहस करने के लिये सोमवार को देहरादून स्थित ऑडिटोरियम पहुंच गये। 40 मिनट गुजर जाने के बाद भी कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के न आने पर सिसोदिया ने कहा कि अब वह 2022 के चुनाव में सरकार से यहां के विकास का हाल पूछेंगे। आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मनीष सिसोदिया ने डोईवाला के जीवनवाला, लालतप्पड़ में एक सरकार स्कूल का निरीक्षण करते हुए कहा कि जब सीएम की विधानसभा के सरकारी स्कूल का यह हाल है तो फिर बाकी प्रदेश के स्कूल की हालत क्या होगी इसका अनुमान लगाया जा सकता है।

