राहुल गाँधी ने आज अपने प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा और आरएसएस पर कटाक्ष करते हुए उन्हें अपना गुरु बताया था, राहुल गाँधी के इस बयान पर अब भाजपा ने प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि नागपुर में उनका स्वागत है. राहुल के बयान पर यह प्रतिक्रिया पूर्व कांग्रेसी और आज के असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की तरफ से आयी है.
राहुल की टी शर्ट पर भी कसा तंज़
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी अगर आरएसएस और भाजपा को अपना गुरु मानते हैं तो उन्हें नागपुर जाना चाहिए। राहुल यहाँ आएं, उनका संघ के ध्वज तले स्वागत है. राहुल को नागपुर आकर संघ के ध्वज के आगे सिर झुकाकर ‘गुरु दक्षिणा’ देनी चाहिए. हिमंता सरमा ने इसके साथ ही मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के उस दावे पर भी तंज कसा जिसमें राहुल गाँधी को पीएम पद का दावेदार बताया गया है, सरमा ने कहा कि कांग्रेस या कोई अन्य पार्टी किसी को प्रधानमंत्री के चेहरे के रूप में सामने नहीं ला सकती है, कई उम्मीदवार हो सकते हैं लेकिन 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही बनेंगे. सरमा ने इसके साथ ही राहुल गांधी की हाफ टी-शर्ट पर भी भी तंज़ कसा, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अगर ठंड से डर नहीं लगता तो उन्हें तवांग ले चलते हैं.
क्या कहा था राहुल ने
दरअसल राहुल गाँधी ने आज दिल्ली में पार्टी हेडक्वार्टर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा और आरएसएस के बारे में कहा था कि इनके लोग जितना उनपर हमला करते है उतनी ही उन्हें और मज़बूती मिलती है, उनकी विचारधारा को मज़बूती मिलती। राहुल ने कहा था कि वो चाहते है कि यह लोग उनपर और हमले करें ताकि वो और मज़बूत बन सकें। यहाँ पर राहुल गाँधी ने कहा था कि वो एक तरह से भाजपा और आरएसएस को अपना गुरु मानते हैं, इनके हमलों से हमें सीखने को मिला कि कैसे रिएक्ट करना चाहिए, हमें क्या नहीं करना चाहिए.

