इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने शनिवार की सुबह पुष्टि की कि लेबनान की ओर से इस्राएइली नेता के आवास की ओर एक ड्रोन लॉन्च किया गया था। हालाँकि नेतन्याहू और उनकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थे और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
नेतन्याहू के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि ड्रोन कैसरिया में उनके घर की ओर लॉन्च किया गया था हालांकि उस समय नेतन्याहू आस-पास नहीं थे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जिस ईमारत को निशाना बनाया गया था वह वास्तव में नेतन्याहू का आवास था। टाइम्स ऑफ इज़राइल के अनुसार हमले के दौरान पीएम नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा घर पर नहीं थे।
इसके अलावा, इज़राइल रक्षा बलों (IDF) ने कहा कि दो अन्य ड्रोन को रोका गया और तेल अवीव के उत्तर में ग्लिलोट में चेतावनी सायरन बजाया गया हालांकि बाद में सेना ने उस क्षेत्र में ड्रोन हमले से इनकार किया। IDF फिलहाल घटना की जांच कर रहा है।
हिब्रू भाषा के स्रोतों का हवाला देते हुए IRNA की रिपोर्ट ने संकेत दिया कि ड्रोन को हिजबुल्लाह ने लॉन्च किया था हालांकि इज़राइली अधिकारियों ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। स्थिति पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है क्योंकि इज़राइल-लेबनान सीमा पर तनाव बढ़ता जा रहा है।
यह ड्रोन हमला हाल ही में हमास के 7 अक्टूबर, 2023 को इज़राइल पर हमले के पीछे के मास्टरमाइंड याह्या सिनवार की हत्या के बाद हुआ है जिसने चल रहे गाजा युद्ध को गति दी। एक साल तक चले तलाशी अभियान के बाद सिनवार इज़राइली सेना के साथ गोलीबारी में मारा गया गुरुवार को उसकी मौत की आधिकारिक घोषणा की गई।

