नई दिल्ली। देश में हो रही बारिश के बीच अब एक बार फिर से कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। जिसके चलते अब कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कुल 5,443 नए मामले दर्ज किए गए हैं। बता दें कि कल यानी 22 सितंबर को कोरोना के 4,510 मामले दर्ज किए गए हैं। कल के मुकाबले आज कोरोना के 933 संक्रमित मामले बढ़े हैं। वहीं बीते 24 घंटे में सक्रिय मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन में कोरोना से 5,291 लोग रिकवर हुए हैं। इसके साथ ही अब एक्टिव मरीजों की संख्या भी अब बढ़कर 46,342 हो गई है। वहीं इस दौरान कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 26 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले केरल राज्य में 12 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। देश में कोविड 19 से अब तक कुल पांच लाख 28 हजार 429 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के अब तक कुल चार करोड़ 45 लाख 53 हजार 42 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा चार करोड़ 39 लाख 78 हजार 271 मरीज ठीक भी हुए है।
कोरोना एक्टिव केस कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है। रिकवरी रेट 98.71 हो गया। डेली पाजिटिविटी दर 1.61 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 1.73 प्रतिशत हो गई है। देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की कुल 217.11 करोड़ से अधिक डोज लग चुकी है। 102.59 करोड़ से अधिक लोगों को पहली डोज लग चुकी है। 94.70 करोड़ से अधिक दूसरी खुराक दी जा चुकी है। 19.80 करोड़ से अधिक लोगों को प्रीकाशन डोज लग चुकी है। 24 घंटे में कुल 15 लाख 85 हजार 343 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी है।

