उत्तराखंड के हल्द्वानी में मदरसे को ध्वस्त किए जाने के बाद भड़की हिंसा में अबतक 5 लोगों की मौत हो गई. हल्द्वानी हिंसा को लेकर आज उत्तर प्रदेश के बरेली में विरोध प्रदर्शन हुआ जहाँ इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि बरेली को हल्द्वानी नहीं बनने देंगे. मौलाना अपने समर्थकों के साथ इस्लामिया ग्राउंड में गिरफ्तारी देने के लिए जा रहे थे लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई
मौलाना तौकीर रजा ने मस्जिद की छत से सम्बोधित करते हुए हल्द्वानी का जिक्र करते हुए कहा कि हमें बरेली को हल्द्वानी नहीं बनने देना है. उन्होंने कहा कि अगर जुल्म ज्यादती होती रही तो देश के हालात खराब हो सकते हैं, अगर आलाकमान दंगे चाहती है तो हम तैयार हैं. तौक़ीर रज़ा ने अदालतों पर भी टिप्पणी की, उन्होंने कहा हम अब बुलडोजर बर्दाश्त नहीं करेंगे. तौकीर रजा ने अपने समर्थकों से शांति की अपील करते हुए भरोसा रखने की बात कही और कहा वो जेल भरो आंदोलन चलाएंगे।
इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल प्रमुख ने कहा कि अब सरकार को अजमेर शरीफ में भी भगवान दिखने लगे हैं. प्रशासन हिंदुत्व की राह पर चल रहा है. सरकार चाहे कितना भी मुझे सता ले लेकिन मैं झुकने वाला नहीं हूं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को अँधा बताने वाले मौलाना तौक़ीर रज़ा ने कहा कि उसे नहीं पता था कि वो जो करने जा रहा है उसका क्या नतीजा हो सकता है? योगी सरकार पर निशाना साधते हुए मौलाना ने कहा कि ज्ञानवापी लेना है ले लो, मथुरा लेना है ले लो, लेकिन हकीकत तो ये है कि तुम्हें किसी मंदिर में आस्था नहीं है. क्योंकि अगर आस्था है तो फिर कैलाश मानसरोवर को आजाद करवाओ.

