श्रृंगार गौरी पूजा मामले को लेकर अदालत के आदेश पर वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के सर्वे और वीडियोग्राफी का आज दूसरे दिन का काम पूरा हो गया। जानकारी के मुताबिक सर्वे का थोड़ा काम अभी शेष रहा गया है जिसे सोमवार को पूरा किया जायेगा, यह काम लगभग दो घंटे चलेगा। वहीँ पता चला है कि मस्जिद के वुजूख़ाने के पास बने तालाब को लेकर हिन्दू और मुस्लिम पक्ष में कुछ बहस भी हुई, इसके अलावा मस्जिद परिसर में एक और कमरा मिलने की बात कही जा रही है।
गुम्बदों का सर्वे, नया कमरा मिला
आज सुबह सर्वे टीम ने सबसे पहले मस्जिद के गुम्बदों का सर्वे किया। इसके लिए पश्चिमी दीवार में बने एक छोटे से दरवाज़े का ताला खोला गया जिसकी चाभी मुस्लिम पक्ष के पास थी। उस दरवाज़े से होते हुए सर्वे टीम छत पर पहुंची और बारीकी से गुंबदों का निरीक्षण और वीडियोग्राफ़ी की गयी। पश्चिमी दीवार का भी सर्वे आज पूरा हो गया है। सर्वे टीम को आज एक और कमरा मिला जिसमें एक बड़ा मलबे का ढेर था। बताते हैं कि उस ढेर की सफ़ेद पेंट से पुताई की हुई थी। सर्वे टीम ने थोड़ा सा मलबा हटाकर यह देखने की कोशिश कि ढेर में क्या है, हो सकता है इस पूरे ढेर को हटाकर भी जांच की जाय।
Also read: ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर कोर्ट ने सुनाया फैसला, मुस्लिम पक्ष की एडवोकेट कमिश्नर बदलने की मांग खारिज
वुजूख़ाने के तालाब पर चिकचिक
वहीँ वुजूख़ाने के पास बने तालाब की जांच के लिए हिन्दू पक्ष तालाब से पानी निकलवाने की मांग कर रहा था और मुस्लिम पक्ष उनकी मांग का विरोध। इसपर फैसला एडवोकेट कमिश्नर लेंगे कि पानी निकलवाया जाय या नहीं। वैसे हिन्दू पक्ष का कहना था कि जब सारी जांच हो रही है तो तालाब पर ऐतराज़ क्यों। सर्वे टीम ने मस्जिद के उस हिस्से की भी जांच की जहाँ पर नमाज़ पढ़ी जाती है।
हिन्दू पक्ष ने किया बहुत कुछ दिखने का दावा
बता दें कि हिन्दू पक्ष के वकीलों ने कल भी कहा था कि मस्जिद परिसर में ऐसा बहुत कुछ दिखा जिसे आज से पहले लोगों ने कभी नहीं देखा था, उन्होंने पश्चिमी दीवार का ज़िक्र करते हुए कहा कि उस दीवार हिन्दू प्रतीक चिन्ह साफ़ नज़र आते हैं। चुकी सर्वे अदालत के आदेश और निगरानी में हो रहा है इसलिए इसपर सार्वजानिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। बहरहाल जल्द ही सच सामने आ जायेगा। बता दें कि सर्वे की रिपोर्ट 17 मई को अदालत में पेश होनी है। वहीँ इलाके में सुरक्षा बंदोबस्त आज भी बहुत सख्त था हालाँकि इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा था कि काशी विश्वनाथ मंदिर में जाने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
Also Read : जारी रहेगा ज्ञानव्यापी मस्जिद का सर्वे, नहीं हटेंगे कोर्ट कमिश्नर, अदालत का आदेश

