उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र में महाहर धाम के पास उस समय कोहराम मच गया जब यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस हाईटेंशन तार की चपेट में आकर धू धू करके जलने लगी. जानकारी के मुताबिक आग से पांच यात्रियों की जलकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये बस शादी समारोह में जा रही थी और उसमें दुल्हन पक्ष के 35 लोग सवार थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
जानकारी के अनुसार जब ये बस हाईटेंशन लाइन के नीचे से गुज़र रही थी तभी उसपर तार टूटकर गिर गया, सभी हताहत लोग मऊ जिले के रहने वाले बताये जा रहे हैं. बस रानीपुर थाना क्षेत्र के खिरिया गांव से गाजीपुर जा रही थी, तभी मरदह थाना क्षेत्र में महाहर धाम के पास ये हादसा हो गया. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मऊ के खिरिया गांव के निवासी नंदू पासवान बेटी की शादी के लिए गाजीपुर के महाहर धाम जा रहे थे जहाँ मंदिर में शादी संपन्न होनी थी. वर पक्ष के लोग मंदिर पहुँच चुके थे लेकिन वधु पक्ष के लोगों के पहुंचने से पहले ही ये दर्दनाक हादसा हो गया. मरने वाले यात्रियों की संख्या पांच बताई जा रही है, हालाँकि ये संख्या अभी बढ़ सकती है.
हादसे का जो वीडियो भी सामने आया है उसमें दिखाई दे रहा है कि एक बस धू-धू कर जल रही है और चीख-पुकार मची है. आग बुझाने की कोई व्यवस्था न होने से बस में लगी आग को समय पर बुझाया नहीं जा सका. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच -पांच लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए हैं. पुलिस अधिकारीयों के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.

