Sanjeev Maheshwari alias Jeeva murder case: संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा हत्याकांड में लखनऊ पुलिस ने कोर्ट में 600 पन्ने की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में पुलिस का दावा है कि 7 जून को हाईकोर्ट में जीवा की हत्या मेरठ के फरार गैंगस्टर पांच लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो ने कराई थी। बददो असलम के जरिए शूटर विजय यादव से नेपाल में मिला था। उसे 50 लाख रुपए की सुपारी दी थी। यही नहीं, बद्दो ने उसे कोर्ट में हत्या के बाद सरेंडर करने को कहा था।
बदन सिंह साल 2019 से पुलिस को चकमा देकर मेरठ से फरार हुआ था। उस पर सरकार ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। चार्जशीट में गैंगस्टर बदन सिंह बददो को भी नामजद किया है। हत्याकांड की जांच SIT कर रही है। बद्दो वेस्ट यूपी का कुख्यात अपराधी है। वह 4 सालों से फरार है। बीच-बीच में चर्चा रही कि बददो विदेश में छिपा है।
असलम के जरिए नेपाल में बद्दो से मिला था विजय
चार्जशीट में बताया है कि जौनपुर का रहने वाला शूटर विजय यादव असलम के जरिए नेपाल में गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो से मिला। बद्दो ने विजय को बताया कि जीवा ने उसके कई आदमी मरवाए हैं। वह अधिक दिन जिंदा रहा, तो उसके लिए खतरा बनेगा। उसे मारना बहुत जरूरी है। पुलिस ने दावा किया है कि बद्दो को लग रहा है कि साल 2005 में भाजपा नेता कृष्णानंद राय की हत्या के बाद से जीवा का कद बढ़ा था।
इसके बाद उसका दबदबा पूर्वांचल के बाद पश्चिमी यूपी में बढ़ रहा था। इसी कारण से संजीव और बद्दो के बीच दुश्मनी हो गई थी। जीवा के परिजनों ने अपने बयान में कहा कि बदन सिंह से जीवा की दुश्मनी थी। बदन सिंह ने कई बार जीवा की हत्या कराने का प्रयास किया।
बदन सिंह ने तय की जीवा के हत्या की जगह
शूटर विजय यादव ने बताया कि बदन सिंह ने उसे कोर्ट में हत्या करने को कहा। उसने बताया कि कोर्ट में हत्या करने से तुरंत पकड़ लिया जाएगा। उसकी जान बच जाएगी। उसके आदमी कोर्ट में उस स्थान को दिखा देंगे। जहां पर हत्या की जाएगी। उसे अच्छे किस्म का रिवॉल्वर दिया जाएगा। बदन सिंह ने रिवॉल्वर मुहैया कराई थी। उससे हत्या की पुष्टि फोरेंसिक एक्सपर्ट ने की है।
सुशील सिंह मूंछ के गैंग पर नजर
पुलिस ने आशंका जताई है कि मुजफ्फरनगर का कुख्यात अपराधी सुशील सिंह मूंछ भी जीवा हत्याकांड में बद्दो की मदद कर रहा था। दोनों गिरोह अलग-अलग है। लेकिन दुश्मनी कभी नहीं रही। कई बार ऐसा हुआ कि दोनों एक साथ अपने दुश्मनों से लड़े हैं। सुशील मूछ और बदन का आतंक यूपी, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल और राजस्थान में है।
विदेश में छिपा है बदन सिंह
जीवा हत्याकांड में बदन सिंह का नाम आते ही एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। करीब दो साल से बैंकॉक, नेपाल, दुबई और मलेशिया में बददो के होने की सूचनाएं मिलती रही हैं। 28 मार्च 2019 को गाजियाबाद से पेशी से लौटते समय उसने मेरठ के एक होटल में पुलिस वालों को शराब पिलाई थी। उसके बाद लग्जरी गाड़ी में बैठकर भाग निकला था। बदन सिंह के खिलाफ करीब 47 मुकदमे दर्ज हैं।

