दिल्ली-NCR में आज बारिश होने से IGI एयरपोर्ट पर उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने कोहरे की चेतावनी जारी की है
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज सोमवार को बारिश हो रही है। जिससे तापमान में गिरावट आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने दिल्ली और हरियाणा में बारिश की संभावना जताई थी। आईएमडी ने बारिश के तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। दिल्ली-NCR में तेज बारिश से IGI एयरपोर्ट पर कई उड़ानें डायवर्ट की गई हैं।
दिल्ली-NCR में आज सोमवार देर शाम मौसम ने बदला
दिल्ली-NCR में आज सोमवार देर शाम मौसम ने बदला है। जिसके चलते दिल्ली एनसीआर में कई जगह बारिश हो रही है। बारिश के चलते जहां लोगों को प्रदूषण से राहत मिली है। वहीं बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले हवा न चलने और बादल छाए रहने के कारण सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने दिल्ली और आसपास के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई थी।
इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर यातायात प्रभावित
बारिश और बिजली गिरने के कारण इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर यातायात प्रभावित हुआ है। इसके बाद कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। कुछ उड़ानों को दिल्ली से जयपुर डायवर्ट किया गया है। गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली विस्तारा की उड़ान यूके742 को खराब मौसम और एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंजेशन के चलते जयपुर की ओर मोड़ दिया गया। कोलकाता से दिल्ली जाने वाली विस्तारा की एक अन्य उड़ान यूके 778 को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया।
आगामी 24 घंटे तक बादल छाये रहने का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD के वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी 24 घंटे तक बादल छाये रहने का अनुमान है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। आने वाले दिनों में देश के उत्तरी हिस्सों में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। इससे एनसीआर में सर्दी बढ़ेगी। इस बीच, मौसम वैज्ञानिकों ने 28 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में कोहरे की चेतावनी जारी की है।
