नई दिल्ली। ताजिकिस्तान और अफगानिस्तान में आज गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके लगे हैं। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान फैजाबाद से 265 किमी दूर ताजिकिस्तान था। जहां 18 मिनट के अंतराल में दो बार भूकंप आया। पहली बार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.6 दर्ज की गई।
जबकि दूसरी बार भूकंप की तीव्रता पांच के ऊपर मापी गई। भूकंप सुबह छह बजकर सात मिनट और छह बजकर 25 मिनट पर आया। पहले झटके का केंद्र जमीन से 113 किलोमीटर और दूसरे का 150 किलोमीटर गहराई में था। इसके अलावा ताजिकिस्तान में मुर्गोब से 67 किमी पश्चिम में भी 6.8 तीव्रता का भूकंप आया।
21 फरवरी को तुर्की में आया था भूकंप
इससे पहले 21 फरवरी को तुर्की में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) ने बताया कि तुर्की-सीरिया सीमा क्षेत्र में दो किमी (1.2 मील) की गहराई में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया।
तुर्की के दक्षिणी हताय प्रांत में सोमवार को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र अंताक्या शहर था। तुर्की के गृह मंत्री सुलेमान सोयलू (Suleyman Soylu) ने बताया कि ताजा भूकंप में छह लोगों की मौत हुई है और 294 घायल हुए हैं।

