टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित, 2021 में कराने का फैसला

फीचर्डटी-20 वर्ल्ड कप स्थगित, 2021 में कराने का फैसला

Date:


टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित, 2021 में कराने का फैसला

दुबई।आईसीसी ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर टी-20 वर्ल्ड कप को स्थगित कर दिया. दुनियाभर में फैले घातक कोरोना वायरस के कारण यह फैसला लिया गया. अब यह टूर्नामेंट 2021 में अक्टबूर-नवंबर में होगा. आईसीसी के अनुसार, एक साल डिले की वजह से अब 2021 और 2022 के अक्टूबर-नवंबर में लगातार 2 साल टी-20 वल्र्ड कप होगा. पहले इस टूर्नामेंट का आयोजन इसी साल ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक होना था. वर्ल्ड कप टलने से अब आईपीएल का रास्ता साफ हो गया है. इससे पहले सितंबर में पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाला एशिया कप भी टल चुका है.

14 नवंबर को फाइनल
आईसीसी ने एक बयान में बताया कि मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप अब अगले साल अक्टूबर-नवंबर में आयोजित किया जाएगा. वहीं, फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा. आईसीसी के अनुसार, एक साल स्थगित होने की वजह से अब टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन 2021 और 2022 के अक्टूबर और नवंबर महीने में लगातार दो साल होगा.

वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल भी घोषित
आईसीसी ने वनडे मेन्स वर्ल्ड कप का शेड्यूल भी घोषित कर दिया है. पहले इसका आयोजन 2022 के अक्टूबर-नवंबर महीने में होना था. मगर, टी-20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल से टकराने की वजह से अब मेन्स वनडे वर्ल्ड कप 2023 में खेला जाएगा. इसका आयोजन भारत में अक्टूबर और नवंबर महीने में किया जाएगा. इसका फाइनल 26 नवंबर को होगा.

सीए ने पहले ही जताई थी आपत्ति
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) पहले ही कह चुका था कोरोना से पैदा हुए हालात की वजह से इस साल टी-20 वर्ल्ड कप टल सकता है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन अर्ल एडिंग्स पहले ही कह चुके थे कि इस साल टी-20 वर्ल्ड कप होना बेहद मुश्किल है. उन्होंने कहा था कि कोरोनावायरस से पूरी दुनिया जूझ रही है. ऐसे में 16 देशों की टीमों को वल्र्ड कप के लिए एक जगह लाना चुनौती होगी.

आईपीएल का रास्ता साफ
वर्ल्ड कप के टलने के बाद बीसीसीआई जल्द ही आईपीएल का शेड्यूल जारी कर सकती है. बोर्ड इस साल 26 सितंबर से 7 नवंबर के बीच आईपीएल कराने की तैयारी कर रहा है. बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली पहले ही कह चुके हैं कि वह चाहते हैं कि इस साल आईपीएल हो. उन्होंने कहा था कि टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर आईसीसी के फैसला आने के बाद ही आईपीएल पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

यूएई में आईपीएल कराने की पूरी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई ने आईपीएल के लिए 26 सितंबर से 7 नवंबर के बीच की संभावित विंडो तय की है. आईपीएल फाइनल के लिए 7 नवंबर का दिन इसलिए तय किया गया है, ताकि भारतीय खिलाडियों को इसके बाद ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए पूरा वक्त मिल जाए. टीम इंडिया को दिसंबर में 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वहां जाना है. बीसीसीआई ने केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर आईपीएल को यूएई में कराने के अलावा खिलाडिय़ों और ऑफीशियल्स की यात्रा की अनुमति भी मांगी है.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related