- पंजाब विधानसभा चुनाव से पूर्व दो सीएम में छिड़ी जुबानी जंग
नई दिल्ली/चंडीगढ। पंजाब में हुई बेअदबी की घटनाओं और लुधियाना कोर्ट में हुए विस्फोट को लेकर दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने जहां चन्नी सरकार को बहुत कमजोर बताया वहीं सीएम चन्नी ने केजरीवाल को भगोड़ा बता दिया।
Read also: अरविंद केजरीवाल पीएम मोदी का विकल्प: मनीष सिसोदिया
शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि माना जा रहा है कि बेअदबी की कोशिश करने वाले को साजिश के तहत ही भेजा गया होगा। सरकार यदि ईमानदार और कार्रवाई करने वाली नहीं होगी तो ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बेअदबी की घटना और लुधियाना कोर्ट में हुए ब्लास्ट से जाहिर होता है कि पंजाब की शांति भंग करने का प्रयास किया जा रहा है। केजरीवाल ने पंजाब की चन्नी सरकार को बेहद कमजोर और आपस में ही लड़ने वाला बताते हुए कहा की यह लोग पंजाब के संभालने के लिए बने ही नहीं हैं। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब को मजबूत सरकार देने और ऐसे अपराध करने वालों को सजा दिलवाने की बात कही।
Read also: राज्यपाल से मिले चरणजीत सिंह चन्नी, कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
अरविंद केजरीवाल के बयान के जवाब में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कपूरथला मामले में बेअदबी किये जाने का कोई सबूत नहीं मिला है। मामले की जांच कर एफआईआर को संशोधित भी किया जा रहा है और आप कह रहे हैं कि मैं ड्रामा कर रहा हूं। सीएम केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सीएम चन्नी ने कहा कि केजरीवाल ने कोर्ट में माफीनामा देकर बिक्रम सिंह मजीठिया को साॅरी बोला था। उनके 10 विधायकों ने भी इस मामले में उनका साथ छोड़ दिया था। वे भगोड़े हैं। सीएम चन्नी ने कहा कि हम जब ड्रग माफिया के खिलाफ जांच शुरू कर रहे थे और मोहाली के कोर्ट में भी एक केस भी दर्ज था। लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट और ड्रग माफिया पर केस के बीच कोई संबंध हो सकता है जिसकी जांच की जाएगी। गौरतलब है कि लुधियाना कोर्ट में हुए ब्लास्ट में खुफिया एजेंसियों के पास पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एक समूह के शामिल होने की जानकारी है।

