नोए़डा। सेक्टर-93ए स्थित एमराल्ड कोर्ट के ट्विन टावर आज रविवार दोपहर 2:30 बजे जमींदोज हो जाएंगे। 32 मंजिला एपेक्स व 29 मंजिला सियान टावर को 3500 किलोग्राम बारूद लगाकर जमींदोज किया जाएगा। 9 से 12 सेकंड में ट्विन टावर की दोनों इमारत मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएंगी। एहतियात के तौर पर आसपास की सड़कों को आज दिनभर बंद रखा जाएगा। पूरे इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। एक्सप्रेसवे एक घंटे के लिए बंद रहेगा। ब्लास्ट साइट की पांच सड़कें सुबह सात बजे से पूरे दिन के लिए बंद कर दी गईं हैं। जबकि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच बंद किया जाएगा। इसके अलावा ट्विन टावर के आसपास के इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है।ट्विन टावर ध्वस्त होने के बाद लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की संभावना है। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस और अस्पतालों को अलर्ट रहने को कहा हैं।
शनिवार को अधिकारियों ने अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लिया। आशंका है कि धूल और धुएं के गुबार से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसके लिए लोगों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं । ट्विन टावर के आसपास रहने वाले लोगों को इमारतें गिरने के कुछ दिनों तक खिड़की व दरवाजे न खोलने की सलाह दी है। साथ ही, धूल भरे दरवाजों व खिड़कियों को सूखे कपड़े से साफ नहीं करने, बिना हाथ धोए भोजन न करने, दांतों से नाखूनों को न काटने, अगले कुछ दिनों ट्विन टावर के आसपास भ्रमण न करने और सुबह की सैर न करने की सलाह लोगों को दी है।
