मंत्रोच्चारण के बीच दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए की गई प्रार्थना
हापुड़। डीएम अदिति सिंह के पिता का दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। गंगानगरी ब्रजघाट में गंगा तट पर दिवंगत का अंतिम संस्कार हुआ। डीएम ने गमगीन माहौल में पिता की चिता को मुखाग्रि दी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों समेत पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
डीएम हापुड़ अदिति सिंह के पिता रिटायर्ड आईएएस धनंज्य प्रसाद सिंह(75 वर्ष) मूल रूप से बस्ती के रहने वाले थे। जो कुछ समय से बीमारी के चलते दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। रविवार की सुबह उपचार के दौरान अपोलो अस्पताल में धनंज्य प्रसाद सिंह ने अंतिम सांस ली। इसके बाद हापुड प्रसाशन में भी शोक की लहर दौड़ गयी। दोपहर करीब दो बजे दिवंगत धनंज्य प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर गंगा नगरी ब्रजघाट पहुंचा।
जहां कोई भाई न होने के चलते डीएम अदिति सिंह ने वैदिक रीति-रिवाज से सभी धार्मिक कर्मकांड पूरे करते पिता की चिता को मुखाग्रि दी। पंडित मंगल शर्मा द्वारा कराए गए मंत्रोच्चारण के बीच डीएम ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से पिता को अंतिम विदाई दी।

