अमित शाह ने किया केजरीवाल से हर संभव मदद करने का वादा
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने को लेकर रविवार को एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए वह सीएम अरविंद केजरीवाल को हर संभव मदद देंगे। उन्होंने कहा कि राजधानी में अगले दो दिनों में कोविड-19 की जांच की संख्या दोगुनी की जाएगी और इसके बाद इसे तीन गुना किया जाएगा।
शाह ने नॉर्थ ब्लॉक में अपने कार्यालय में उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक के बाद कुछ कदमों की घोषणा की। गृह मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिए अरुणाचल प्रदेश से चार आईएएस अधिकारियों के दिल्ली स्थानांतरण का आदेश दिया। इसके अतिरिक्त केंद्र के दो अधिकारियों को भी अटैच किया गया है।
गृह मंत्री ने कहा कि कुछ दिनों में दिल्ली के निषेध क्षेत्रों में हर मतदान केंद्र पर कोविड-19 की जांच शुरू की जाएगी और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के लिए अधिक प्रभावित क्षेत्रों यानी हॉटस्पॉट्स में घर-घर जाकर व्यापक स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मरीजों के लिए बिस्तरों की कमी के मद्देनजर केंद्र दिल्ली को 500 रेलवे बोगियां भी उपलब्ध कराएगा।
बातचीत की दस बड़ी बातें
- दिल्ली में कोरोना से संक्रमित मरीजों के लिए बेड की कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने तुरंत 500 रेलवे कोच दिल्ली को देने का निर्णय लिया है। इन रेलवे कोच से न सिर्फ दिल्ली में 8000 बेड बढ़ेंगे बल्कि ये कोच कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए सभी सुविधाओं से लैस होंगे।
- दिल्ली के कंटेनमेंट जोन में कॉन्टैक्ट मैपिंग अच्छे से हो पाए, इसके लिए घर-घर जाकर हर एक व्यक्ति का व्यापक स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा। जिसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में आ जाएगी।
- कोरोना केसेज़ की अच्छे से मॉनीटरिंग हो, इसके लिए हर व्यक्ति के मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करवाया जाएगा।
- दिल्ली में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए अगले दो दिन में कोरोना की टेस्टिंग को बढ़ाकर दोगुना किया जाएगा।
- 6 दिन बाद कोरोना की टेस्टिंग को बढ़ाकर तीन गुना कर दिया जाएगा।
- कुछ दिन के बाद कंटेनमेंट जोन में हर पोलिंग स्टेशन पर टेस्टिंग की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।
- दिल्ली के छोटे अस्पतालों तक कोरोना के लिए सही जानकारी और दिशा-निर्देश देने के लिए मोदी सरकार ने एम्स में टेलीफोनिक गाइडेंस के लिए वरिष्ठ डॉक्टर्स की एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया है। जिससे नीचे तक सर्वश्रेष्ठ प्रणालियों का संचार किया जा सके। इसका हेल्पलाइन नंबर कल सोमवार को जारी हो जाएगा।
- दिल्ली के निजी अस्पताओं में कोरोना संक्रमण के इलाज के लिए निजी अस्पतालों के कोरोना बेड में से 60% बेड कम रेट में उपलब्ध कराने, कोरोना उपचार और कोरोना की टेस्टिंग के रेट तय करने के लिए डॉ. पॉल की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है जो कल तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी
- कोरोना से भारत पूरी मजबूती से लड़ रहा है और इस संक्रमण से अपनी जान गंवाने वाले लोगों के लिए सरकार दुखी भी है और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील भी है।
- सरकार ने अंतिम संस्कार के लिए नई गाइडलाइन्स जारी करने का निर्णय लिया है, जिससे अंतिम संस्कार की प्रतीक्षा अवधि कम कम हो जाएगी।

