नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए खेल मंत्रालय की स्पेशल कमेटी की मीटिंग 17 और 18 अगस्त को होगी. इस बार राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड के लिए खेल मंत्रालय के पास 500 से ज्यादा आवेदन आए हैं. सबकी नजरें खेल रत्न पर होंगी, क्योंकि इसके लिए चौथी बार ओलिंपिक खेलों को क्रिकेट से चुनौती मिलेगी. नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 29 अगस्त को राष्ट्रपति द्वारा दिए जाएंगे.
कमेटी के सदस्यों में वीरेंद्र सहवाग भी
विजेताओं के सेलेक्शन के लिए खेल मंत्रालय ने 12 मेंबर्स की कमेटी बनाई थी. इसकी अगुआई सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस मुकुंदकम शर्मा कर रहे हैं. कमेटी के सदस्य पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, पूर्व हॉकी प्लेयर सरदार सिंह, पैरालिंपिक रजत पदक विजेता दीपा मलिक, पूर्व टेबल-टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा बरुआ मेहता, बॉक्सर वेंकटेशन देवराजन के अलावा पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया हैं.
अब तक 500 आवेदन, खेल रत्न के लिए 42
कोरोना के कारण पहली बार खेल मंत्रालय ने ऑनलाइन आवेदन मंगाए थे. इस साल राजीव गांधी खेल रत्न के लिए 42 आवेदन आए हैं, जबकि अर्जुन अवॉर्ड के लिए 215 और द्रोणाचार्य के लिए 140, मेजर ध्यानचंद पुरस्कार के लिए 81 और राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए 28 आवेदन आए हैं. रोहित के अलावा बीसीसीआई ने शिखर धवन और तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की है. महिला वर्ग में बोर्ड ने ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा है.
2016 से 2019 तक के प्रदर्शन के आधार पर
- सेलेक्शन के लिए 2016 से 2019 तक का प्रदर्शन देखा जाएगा
- ओलिंपिक और पैरालिंपिक में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को आवेदन करने की जरूरत नहीं होती है.
- बाकी दूसरे खेलों से फेडरेशन या खिलाड़ियों आवेदन करना होता है.
- अवॉर्ड के लिए खिलाड़ियों को जो पॉइंट दिए जाते हैं, वे 90% प्रदर्शन और 10% व्यवहार (खेल भावना और अनुशासन) के आधार पर दिए जाते हैं.
- इस साल के अर्जुन अवॉर्ड और खेल रत्न के लिए जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के प्रदर्शन पर विचार किया जाएगा.
सेलेक्शन के लिए प्वाइंट सिस्टम
- 4 साल में होने वाली वर्ल्ड चैम्पियनशिप या वर्ल्ड कप में गोल्ड जीतने पर 40, सिल्वर के लिए 30 और ब्रॉन्ज जीतने पर 20 प्वाइंट मिलते हैं.
- वहीं, एशियन गेम्स में गोल्ड के लिए 30, सिल्वर जीतने पर 25 और ब्रॉन्ज के लिए 20 अंक दिए जाते हैं.
- कॉमनवेल्थ गेम्स और हर 1 या 2 साल में होने वाली वर्ल्ड चैम्पियनशिप में गोल्ड जीतने पर 25, सिल्वर के लिए 20 और ब्रॉन्ज जीतने पर 15 अंक दिए जाते हैं.
- वहीं, एशियन चैम्पियनशिप में गोल्ड के लिए 15, सिल्वर जीतने पर 10 और ब्रॉन्ज के लिए 7 पॉइंट मिलते हैं.
- इसके अलावा दूसरे किसी टूर्नामेंट में बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर पॉइंट्स का फैसला पैनल करता है.
- क्रिकेट जैसे नॉन-ओलंपिक खेलों के नामित खिलाड़ियों के सेलेक्शन के लिए भी कमेटी में बहुमत से फैसला होता है.
खेल रत्न की रेस में ये खिलाड़ी
- रोहित शर्मा, क्रिकेटर
*विनेश फोगाट, रेसलर - अंजुम मुदगिल, शूटर
- मनिका बत्रा, टेबल-टेनिस खिलाड़ी
- रानी रामपाल, कैप्टन, महिला हॉकी टीम
- नीरज चोपड़ा
- अमित पंघाल, बॉक्सर
- हिमा दास, एथलीट
- किदांबी श्रीकांत, लॉन टेनिस

