- सिद्धू ने बेअदबी की घटनाओं को दिया राजनीतिक एंगल
चंडीगढ़। पंजाब में हुई बेअदबी की घटनाओं को राजनीतिक एंगल देते हुए सिद्धू ने कहा कि आज राजनीति इतनी गंदी और स्वार्थी हो चुकी है की वोटों की सियासत के लिए गुरु की बेअदबी भी करवाई जा सकती है। चंडीगढ़ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बेअदबी करने वालों को सबके सामने फांसी पर लटकाने की बात कही है। तालिबानी सजा को समर्थन देते हुए सिद्धू ने कहा कि बेअदबी चाहे गीता या कुरान की हो या गुरु ग्रंथ साहिब की ऐसी हरकत करने वाले आरोपियों को यही सजा मिलनी चाहिए।
Read also: राहुल-प्रियंका के साथ मगर पंजाब के लोगों के लिए खड़ा हूं: सिद्धू
पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने बेअदबी की घटनाओं में राजनीतिक एंगल निकाल कर राज्य की राजनीति में तूफान ला दिया है। गौरतलब है कि कुछ महीनों बाद पंजाब में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में बेअदबी की घटनाएं जहां राज्य का माहौल बिगाड़ रहीं हैं वहीं ये आने वाले विधानसभा चुनाव को भी निश्चित ही प्रभावित करेंगी। ऐसे में सिद्धू का यह इशारा की ‘गंदी और स्वार्थी राजनीति वोटों की सियासत के लिए गुरु की बेअदबी भी करवा सकती है’ निश्चित ही प्रदेश की राजनीति में तूफान लाएगा। हालांकि सिद्धू ने किसी राजनीतिक दल का नाम तो नहीं लिया है मगर ऐसे गंभीर मुद्दे पर बिना किसी तथ्य के राजनीतिक एंगल पेश करना राज्य की सांप्रदायिक भावना को नुकसान पहुंचा सकता है। वही विपक्षी दल भी इस बयान को लेकर सिद्धू पर सवाल उठा सकते हैं। क्योंकि वर्तमान में पंजाब में कांग्रेस का ही शासन है जिसके वह अध्यक्ष हैं। सिद्धू का बेअदबी पर दिया यह बयान पार्टी को एक बार फिर से मुश्किल में डाल सकता है।
Read also: सिद्धू की बयानबाजी से परेशान कांग्रेस प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा
मलेरकोटला में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने तालिबानी सजा की वकालत करते हुए कहा कि बेअदबी करने वालों को सभी के सामने फांसी पर लटका देना चाहिए। सिद्धू ने कहा कि बेअदबी करना हमारी कौम की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास है। गलती किसी से भी हो सकती है लेकिन बेअदबी करना गलती नहीं बल्कि एक कौम को दबाने और खत्म करना की साजिश है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में आपसी भाईचारे और पंजाबियत को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दरबार साहिब में हुई निंदनीय घटना किसी मंदिर, मस्जिद या चर्च में भी हो सकती है। लेकिन हम सभी को भाईचारक सांझ रखनी है।

