देहरादून। वर्ष 2022-23 का 63 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट आज विधानसभा के पहले दिन धामी सरकार पेश करेगी। लेकिन आज सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने प्रश्नकाल में भाजपा के मंत्री सतपाल महाराज को घेर लिया। इसके बाद जमकर हंगामा किया। विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा करते हुए कांग्रेसी विधायक यशपाल आर्य सहित कई कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए। वहीं आज बजट सत्र के शुरू होने से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भेंट की। इस अवसर पर वित्तमंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल भी उनके साथ उपस्थित रहे।
Read also : पहले दिन विपक्ष के सवालों पर घिरी सरकार
विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में विपक्ष के प्रश्नों पर भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज बुरी तरह से घिर गए। विपक्ष का आरोप था कि प्रश्नों का जवाब नहीं दिया जा रहा। यह सदन के साथ ही जनता का अपमान है। विपक्ष ने ये भी आरोप लगाया कि सदस्यों को प्रश्नों के उत्तर समय से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। इसके बाद पीठ ने विभागों को निर्देश दिए कि सदस्यों को एक दिन पहले प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए जाए। वहीं शून्यकाल में किच्छा से विधायक तिलकराज बेहड़ ने उनके क्षेत्र में लगने वाले हाट में पुलिस कर्मियों की तैनाती का मामला उठाया।
इस मामले में विपक्ष के सदस्य सामने आकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे को देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। भू-कानून की मांग को लेकर विधानसभा कूच करने पहुंचे भू-अध्यादेश अधिनियम अभियान संगठन के सदस्यों को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोक दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आज पहले दिन वित्तीय वर्ष 2022-23 का 63 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट धामी सरकार पेश करेगी। इस बजट पक्ष में सत्ता और विपक्ष पक्ष के बीच जोर आजमाइश होने और सत्र हंगामेदार रहने के आसार बने हुए हैं। विपक्ष ने सत्र के दौरान बेरोजगारी,महंगाई,किसानों की उपेक्षा, कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। बता दें कि यह बजट सत्र आज 14 जून से 20 जून तक देहरादून में आहूत किया गया है। पांचवीं विधानसभा का दूसरा सत्र है यह। इससे पहले मार्च में पहला सत्र बुलाया गया था जो कि बेहद संक्षिप्त था।

