लखनऊ। यूपी सहित देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही शिवालयों पर भक्तों की भीड़ लगी रही। वाराणसी के काशी विश्वनाथ में करीब 5 लाख लोगों ने बाबा के दर्शन किए।
हर-हर महादेव के उद्घोष से शिव नगरी गूंज उठी। दोपहर से बरात निकलनी शुरू हुई। शिवभक्त में कोई नंदी के रूप में दिखा तो किसी ने शिव का अवतार धारण किया। वहीं, कोई नरमुंडों के साथ बाराती के रूप में नजर आए।
वाराणसी में निकली शिव बरात देवनाथपुरा, पांडेय हवेली,राजाघाट, पांडेयघाट, केदारघाट, नारद घाट, चेतसिंह किला से शिवाला सोनारपुरा, डेवढ़ियाबीर मंदिर होते हुए शाम को तिलभांडेश्वर मंदिर पहुंची।
बरात में हाथों में बड़े-बड़े डमरू लिए लोग आगे चल रहे थे तो भगवान शिव के कई प्रतिरूप डमरू दल के साथ आगे बढ़ रहा था।
इसके अलावा मेरठ में भी प्रसिद्ध औघडनाथ मंदिर में सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा के दर्शन को लगी रही।
इसके अलावा बागपत के पुरा महादेव में भी श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आर्शिवाद मांगा। आज तड़के से सभी शिवालयों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी। मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही।

