नयी दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि दल बदल निरोधक कानून में एक निश्चित समयसीमा में फैसला होना चाहिए और वह सरकार से इस कानून में संशोधन करने का अनुरोध करेंगे।
समयसीमा में हो फैसला
श्री बिरला ने संसद के मानसून सत्र की तैयारियाें को लेकर यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह कहा। तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के दल बदल कानून के तहत दिये गये नोटिस को लेकर एक सवाल पर श्री बिरला ने कहा कि यह सदन की कार्यवाही से जुड़ा फैसला है जिसका उत्तर संवाददाता सम्मेलन में नहीं दिया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि दल बदल निराेधक कानून के अंतर्गत मामलों का एक निश्चित समयसीमा में फैसला होना चाहिए और वह सरकार से इस संबंध में दल बदल निरोधक कानून में संशोधन करने का अनुरोध करेंगे।
19 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा सत्र
संसद के मानसून सत्र के बारे में श्री बिरला ने कहा कि सत्र 19 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। कुल 19 बैठकें होंगी और सदन की कार्यवाही दिन में 11 बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। उन्होंने 17वीं लोकसभा की उत्पादकता की चर्चा करते हुए कहा कि 1952 से लेकर सभी लोकसभाओं में पहले पांच सत्राें में इतना काम नहीं हुआ जितना 17वीं लोकसभा के पहले पांच सत्रों में हुआ है।

