जयपुर हादसे में मरने वालों की संख्या 17 हुई, शवों की पहचान मुश्किल

नेशनलजयपुर हादसे में मरने वालों की संख्या 17 हुई, शवों की पहचान...

Date:

राजस्थान के जयपुर में कल सुबह सड़क हादसे के बाद हुए अग्निकांड ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। इस अग्निकांड के डरावने मंज़र सोशल मीडिया पर वायरल हैं. अजमेर हाईवे पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने हुए इस हादसे में मरने वालों की संख्या आज सुबह 17 हो गई, जबकि करीब 35 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे में ट्रक और टैंकर के अलावा करीब 40 वाहन जलकर राख हो गए। टक्कर के बाद एक के बाद एक हुए धमाकों की आवाज 20 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। लोगों ने हादसे के शिकार लोगों को जलते देखा। आग इतनी भयानक थी कि करीब 200 मीटर लंबी सड़क आग का गोला बनी रही। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:45 बजे जयपुर के भांकरोटा इलाके में हुआ। भारत पेट्रोलियम गैस कंपनी का टैंकर अजमेर से जयपुर आ रहा था। अजमेर हाईवे पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने जब इस टैंकर ने यू-टर्न लिया तो जयपुर से अजमेर जा रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। गेल इंडिया लिमिटेड के डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) सुशांत कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि टैंकर के 5 नोजल टूट गए और करीब 18 टन गैस लीक हो गई, जिससे आग लग गई और धमाके हुए।

सभी घायलों को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें लोग 80 से 90 फीसदी जल चुके थे। अस्पताल में इलाज के दौरान 14 लोगों की मौत हो गई। 9 मृतकों की पहचान अबतक हो गई है, बाकियों की पहचान करने में बड़ी मुश्किल आ रही है. बताते हैं कि ये हादसा और भी बहयनक हो सकता था क्योंकि एलपीजी टैंकर के पीछे एक और टैंकर और माचिस से भरा ट्रक भी आ रहा था लेकिन समय रहते दोनों वहीं रुक गए थे.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related