- शनिवार को राज्य में मिले रिकार्ड 2757 नये संक्रमित
- देहरादून में 1179 और हरिद्वार में 617 नये मरीज मिले
देहरादून। उत्तराखंड में जानलेवा होते जा रहे कोरोना ने शनिवार को 37 संक्रमितों की जान ले ली। शुक्रवार को रिकार्ड 2402 मरीज मिलने से हड़कंप मच गया था वहीं मात्र 24 घंटे में यह रिकार्ड टूटा और आज राज्य में रिकार्डतोड 2757 नये संक्रमित मिले हैं। वहीं राजधानी देहरादून में सर्वाधिक 1179 नये मरीज मिले हैं जो अब तक राजधानी में मिले संक्रमितों की सबसे अधिक संख्या है। वहीं कुंभनगरी हरिद्वार में भी कोरोना का प्रकोप जारी है और आज यहां 617 नये मरीज मिले हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 1179, हरिद्वार में 617, यूएसनगर में 265, नैनीताल में 248, पौड़ी में 155, रुद्रप्रयाग में 79, अल्मोड़ा में 51, टिहरी में 50, चम्पावत में 44, चमोली में 28, बागेश्वर में 15, उत्तरकाशी में 14, पिथौरागढ़ में 12 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 15,386 हो गयी है। आज 37 कोरोना मरीजों की मौत होने के बाद राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 1856 हो गयी है।
सरकार ने बढ़ायी सख्ती
बढ़ते कोरोना केसों से चिंतित राज्य सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय मेें परिवर्तन करते हुए रात्रि 9 बजे से सुबह पांच बजे तक कर दिया है। नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने कुंभ क्षेत्र को छोड़कर सभी जिलों में रविवार को साप्ताहिक कोविड कर्फ्यू, जबकि देहरादून के नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक शनिवार व रविवार को भी कर्फ्यू लगाया है।यह आदेश 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। वहीं प्रदेश में टीकारकरण अभियान में भी तेजी लायी गयी और शनिवार को 40,309 लोगों को टीका लगाया गया। देहरादून में सर्वाधिक 8248, हरिद्वार में 5132 और पौड़ी में 4268 लोगों को टीका लगाया गया।

