अमेठी और रायबरेली के लिए उम्मीदवारी पर अगले 24 से 30 घंटे में पर्दा उठ जायेगा, ये कहना है, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का. इसका मतलब अमेठी और रायबरेली से कांग्रेस उम्मीदवारों का नामांकन अंतिम दिन होगा। कहा जा रहा है कि इन दोनों सीटों से गाँधी परिवार के लोग चुनाव लड़ेंगे।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, रमेश ने कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकारुजुन खड़गे को अमेठी और रायबरेली के लिए उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि कांग्रेस प्रमुख अगले 24 से 30 घंटों में निर्णय लेंगे और इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।
दो प्रमुख सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा में देरी पर एक सवाल का जवाब देते हुए, रमेश ने पूछा, “क्या भाजपा ने अपने रायबरेली उम्मीदवार की घोषणा की है?” कांग्रेस नेता ने कहा, “कोई भी डरा हुआ नहीं है। प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी देश भर में बड़े पैमाने पर प्रचार कर रहे हैं।” सबसे पुरानी पार्टी ने दो सीटों के लिए सस्पेंस बरकरार रखा है। मंगलवार को जारी अपनी नवीनतम उम्मीदवारों की सूची में भी अमेठी और रायबरेली के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई।
अटकलें लगाई जा रही हैं कि राहुल गांधी फिर से अमेठी से चुनाव लड़ेंगे, यह सीट वह 2019 में भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे। इस बीच, प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम रायबरेली सीट के लिए चर्चा में है जो 2004 से सोनिया गांधी के पास थी। दोनों सीटों को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है और कांग्रेस की स्थानीय इकाइयों ने मांग की है कि परिवार के दोनों वंशज वहां से चुनाव लड़ें। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी और रायबरेली में मतदान होगा। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है और राज्य की 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

