Site icon Buziness Bytes Hindi

बंगाल में ममता सरकार की उलटी गिनती शुरू: पीएम मोदी


बंगाल में ममता सरकार की उलटी गिनती शुरू: पीएम मोदी

पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में आज पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के दिन अब गिनती के रह गए हैं और ये बात ममता दीदी भी अच्छी तरह समझ रही हैं। इसलिए वो कह रही हैं, खेला होबे। जब जनता की सेवा की प्रतिबद्धता हो, जब बंगाल के विकास के लिए दिन-रात एक करने का संकल्प हो, तो खेला नहीं खेला जाता, दीदी।

टीएमसी की पराजय तय
पीएम ने कहा कि आपका उत्साह दिखा रहा है कि टीएमसी की पराजय तय है। इस बार बंगाल के चुनाव में सिंडिकेट वालों की पराजय होगी। इस बार बंगाल के चुनाव में कट मनी वालों की पराजय होगी। पीएम ने कहा कि दीदी बोले खेला होबे। भाजपा बोले विकास होबे, सोनार बांग्ला होबे।

दीदी की निर्मम सरकार
मां-माटी-मानुष की बात करने वाली दीदी को अगर दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, वनवासियों के प्रति ममता होती, तो वो ऐसा नहीं करतीं। यहां तो दीदी की निर्मम सरकार ने माओवादियों की एक नई नस्ल बना दी है जो टीएमसी के माध्यम से गरीबों का पैसा लूटती है। दलित, आदिवासी, पिछड़े इलाकों के हमारे युवा भी रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें, इसके लिए कौशल विकास पर और ज्यादा फोकस किया जाएगा। यहां के छाऊ कलाकारों, यहां के हस्तशिल्पियों को कमाई और मान सम्मान से जुड़ी दूसरी सुविधाएं मिले, ये सुनिश्चित किया जाएगा।

तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति
उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल को याद है कि किसने सेना पर तख्तापलट की साजिश रचने का आरोप लगाया था और पुलवामा हमले के दौरान आपने किसका पक्ष लिया था। मोदी ने बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि इसके लिए टीएमसी सरकार की तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति जिम्मेदार है।

Exit mobile version