रविवार को बीते 24 घन्टे में 7965 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि
25 हजार से ज्यादा सक्रिय केस, 2 लाख से ज़्यादा सैंपल की हुई जांच
लखनऊ। कोरोना संक्रमण लगातार विकराल रूप धारण करता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में रविवार को बीते 24 घंटे में 7965 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दिनोंदिन कई गुना रफ्तार से वायरस का प्रकोप बढ़ रहा है। प्रदेश में अब कोविड के 25 हजार 974 सक्रिय केस हो चुके हैं। जिनमें से 25 हजार 445 मरीज घर पर रहकर ही अपना इलाज करवा रहे हैं। जबकि अन्य गंभीर मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 1 दिन में प्रदेश में 2 लाख 22 हजार 428 लोगों के सैंपल जांच किए गए हैं।
Read Also : कोविड के खिलाफ ओमिक्रोन शायद उम्मीद की पहली किरण: ब्रिटिश वैज्ञानिक
आरटी-पीसीआर पर जोर, अब तक 9 करोड़ से अधिक जांच
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए आरटी पीसीआर टेस्टिंग पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि रविवार को अलग-अलग जिलों से जांच के लिए 1 लाख 25 हजार 415 सैंपल आरटी पीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रदेश में अब तक 9 करोड़ 46 लाख 51 हजार 924 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। बीते 24 घंटे में 253 मरीज वायरस को शिकस्त भी दे चुके हैं। जबकि अब तक 16 लाख 88 हजार 648 मरीजों से कोरोना को मात दी है।
13 करोड़ को मिली पहली डोज़, खतरा बरकरार
बीते 1 साल से चल रहे कोविड-19 वैक्सीनेशन के तहत लगातार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। लेकिन अभी भी सैकड़ों लोग पहली खुराक तक भी नहीं पहुंच सके हैं। 8 जनवरी को प्रदेश में 13 करोड़, 18 लाख 24 हजार 119 लोगों को पहली डोज दी गई। जबकि 7 करोड़ 85 लाख 40 हजार 470 लोगों को 18 से अधिक आयु वर्ग के तहत दूसरी खुराक दी गई। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना वायरस के खतरे से बचने के लिए पूर्ण टीकाकरण होना आवश्यक है। प्रदेश में 53.28 फ़ीसदी लोगों का ही अभी तक पूर्ण टीकाकरण हो पाया है।
Read Also : मेरठ में कोरोना के टूटे सारे रेकॉर्ड, एक दिन में 664 मरीज मिले
15 से 18 आयुवर्ष के 15.38 को पहली डोज़
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 15 से 18 साल के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को जारी निर्देशों के तहत शासन में इस आयु वर्ग के सभी बच्चों का टीकाकरण 15 जनवरी तक पूर्ण करवाने के निर्देश भी जारी किए हैं। हालांकि जिले में अभी तक 15.38% बच्चों का ही टीकाकरण हो पाया है। प्रदेश में अब तक 21 लाख 54 हजार 908 बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। उन्होंने बताया कि पहली वैक्सीन के बाद दूसरी डोज समय से लेनी आवश्यक है। कोरोना वायरस संक्रमण अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में कोविड-19 के अनुरूप ही आचरण करें। टीकाकरण के बाद भी को नियमों का पालन अनिवार्य तौर पर करना जरूरी है।

